गौ-आधारित उत्पादों से रोजगार बढ़ाने की पहल:प्रयागराज में हुई बैठक में साबुन, अगरबत्ती और क्लीनर बनाने पर जोर, मिलेगा काम
प्रयागराज रविवार को गौ सेवा, गो-संरक्षण और गो-आधारित उत्पादों के प्रचार-प्रसार को लेकर बैठक आयोजित की गई। वरिष्ठ समाजसेवी अभिषेक तिवारी (टिंकू) के संयोजन में हुई बैठक में गौ सेवा से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गाय के संरक्षण, संवर्धन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा की। बैठक में पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सह गौ सेवा संयोजक सर्वजीत सिंह ने कहा कि गौ सेवा से समाज और राष्ट्र को नई दिशा मिलती है। गाय का संरक्षण भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ा होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने समुद्र मंथन से कामधेनु की उत्पत्ति का उल्लेख करते हुए भारतीय संस्कृति में गाय के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। सर्वजीत सिंह ने कहा कि गौ सेवा को केवल दूध प्राप्त करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए। देशी गाय के संरक्षण और संवर्धन के साथ उससे जुड़े उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने गाय के दूध, गोबर और गोमूत्र से बनने वाली वस्तुओं की उपयोगिता बताते हुए साबुन, अगरबत्ती, गोमय उत्पाद और फर्श की सफाई के लिए गो-आधारित क्लीनर जैसे उत्पादों के निर्माण तथा उपयोग को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के संरक्षण के साथ गो-आधारित उत्पादों को आम लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है। इससे इन उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और इस क्षेत्र से जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। बैठक में काशी प्रांत के गौ उत्पादन प्रमुख दिनेश मिश्रा, प्रयागराज विभाग के गौ सेवा संयोजक राजेश कुमार तिवारी और प्रयाग दक्षिण के गौ सेवा संयोजक प्रेम शंकर मिश्र ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के विभिन्न वर्गों को आगे आना चाहिए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने और गो-आधारित उत्पादों के निर्माण एवं उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। इस अवसर पर विहिप जिलाध्यक्ष नित्यानंद उपाध्याय, शीतला तिवारी, भाजपा नेता जयशंकर पांडेय, देवनाथ, शिक्षक नेता मनीष तिवारी, मनीष पांडेय, पूर्व प्रधान दिनकर मिश्रा, अशोक शुक्ला, राहुल मिश्रा, अवनीश द्विवेदी, बसंत जी शुक्ला, प्रभाकांत तिवारी, सुरेंद्र कुशवाहा, रमाकांत पांडेय, आशीष सिंह, रोहित पांडेय, बृजलाल पटेल, शरद पांडेय, अनुज तिवारी, शिवाकांत दुबे और सबल तिवारी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)