खाद्य विभाग ने नवरात्र में लिए 12 नमूने:कुट्टू-सिंघाड़े के आटे, मिठाई और घी की होगी जांच; रिपोर्ट पर कार्रवाई

Oct 11, 2026 - 20:21
0
खाद्य विभाग ने नवरात्र में लिए 12 नमूने:कुट्टू-सिंघाड़े के आटे, मिठाई और घी की होगी जांच; रिपोर्ट पर कार्रवाई
बरेली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नवरात्र के दौरान व्रत के सामान की शुद्धता जांचने के लिए दो दिन का अभियान चलाया। 10 और 11 अक्टूबर को शहर की दुकानों व निर्माण इकाइयों से कुल 12 नमूने लिए गए। इनमें कुट्टू-सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, मूंगफली, साबूदाना पापड़, लौंज, गुलाब जामुन और घी शामिल हैं। 10 अक्टूबर को माधोबाड़ी स्थित विजय एंड कंपनी की निर्माण इकाई से सत्याज विजय श्री ब्रांड के कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के पैक व खुले नमूने लिए गए। मिनी बाईपास स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार से खुले साबूदाने, मूंगफली के दाने और साबूदाना पापड़ के नमूने लिए गए। आईवीआरआई रोड पर मुल्ला जी चावल वालों और वीर सावरकर नगर स्थित अभयदीप एंटरप्राइजेज से भी कुट्टू-सिंघाड़े के आटे के नमूने लिए गए। 11 अक्टूबर को धनेटा रेलवे फाटक स्थित जय मां दुर्गे स्वीट्स से लौंज और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। अशरफ खान की छावनी स्थित हाफिज किराना स्टोर से सिंघाड़े का आटा और जोगी नवादा स्थित हरिओम किराना स्टोर से कुट्टू का आटा लिया गया। स्टेडियम रोड स्थित श्रीकृष्णा घी की निर्माण इकाई से पैक व खुले घी के दो नमूने भी लिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में यह अभियान चला। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User