घाघवा नाला में 200 बोरियों से बंधान किया
भास्कर न्यूज़ | बलरामपुर सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार सुबह वन विभाग की अगुआई में सामूहिक श्रमदान हुआ। जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी घाघवा नाला और सेंदुर नदी तट पर जुटे। जल संरक्षण, स्वच्छता, हरियाली को लेकर श्रमदान किया गया। शुरुआत घाघवा नाला में बोरी बंधान बनाने से हुई। 150 से 200 बोरियों में मिट्टी भरकर बंधान तैयार किया गया। इससे बारिश का पानी रुकेगा। भू-जल स्तर बढ़ेगा। आसपास के इलाके में पानी की उपलब्धता बेहतर होगी। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी अलोक वाजपेयी ने खुद बोरियां उठाईं। जनप्रतिनिधि भी श्रमदान में शामिल रहे। इसके बाद टीम सेंदुर नदी तट पहुंची। ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत तट और आसपास सफाई की गई। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी हुआ। जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, अन्य जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, जिला स्तरीय अधिकारी भी शामिल रहे। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा, जल है तो कल है। उन्होंने कहा कि बारिश का पानी सहेजने में ऐसे छोटे बंधान कारगर होते हैं। हर नागरिक को अपने आसपास के जलस्रोत बचाने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कहा कि सेवा का भाव समाज को जोड़ता है। प्रशासन और नागरिक साथ श्रमदान करें तो बदलाव दिखता है। वनमंडलाधिकारी अलोक वाजपेयी ने कहा कि नदी-नालों का संरक्षण और पौधारोपण पर्यावरण सुरक्षा की बुनियाद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)