घर के बाहर खेल रहा 3 साल का बच्चा लापता:सुबह पेट्रोल पंप पर मिला, CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान
मैनपुरी में कोतवाली क्षेत्र में घर के बाहर खेल रहा तीन साल का बच्चा शुक्रवार रात लापता हो गया। परिजनों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे एक युवक उसे अपने साथ ले गया। परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो युवक बच्चे को ले जाता दिखाई दिया। पुलिस ने रातभर तलाश अभियान चलाया। शनिवार सुबह बिछवां थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर बच्चा आरोपी के साथ मिल गया। यूपी-112 की टीम ने बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी को पकड़ लिया। CCTV फुटेज से मिला सुराग बच्चे की मां ज्योति ने बताया कि उनका बेटा छोटू रात करीब 9 बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति उसे अपने साथ ले गया। काफी तलाश के बाद परिजनों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक युवक बच्चे को ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। रात 12 बजे के बाद जिलेभर में तलाश अभियान एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि तीन साल के बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुराग जुटाए। रात 12 बजे के बाद जिलेभर में सर्च अभियान चलाया गया। यूपी-112 की पीआरवी टीमों को भी अलर्ट किया गया। पेट्रोल पंप पर आरोपी के साथ मिला बच्चा एसपी सिटी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8 बजे बिछवां थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर आरोपी छोटेलाल बच्चे के साथ दिखाई दिया। यूपी-112 की पीआरवी टीम ने उसे पकड़ लिया और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पहले से एक-दूसरे को जानते थे दोनों परिवार एसपी सिटी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी और बच्चे के परिवार के लोग पहले कुछ समय तक साथ काम करते थे। दोनों पक्ष एक-दूसरे को जानते थे। पुलिस के मुताबिक, पहले किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी भी हुई थी। शुरुआती पूछताछ में इसी विवाद की पृष्ठभूमि सामने आई है। घटना के पीछे की पूरी वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी। बच्चे के मिलने पर परिवार ने ली राहत की सांस बच्चे की मां ज्योति ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे परिवार को बच्चे के सकुशल मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)