गीडा के उद्यमियों को जल्द मिलेगा रास्ता:उद्योग बंधु की बैठक में बताई गई प्रगति; बड़ी गाड़ियों के लिए बनेगी पार्किंग
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के उद्यमियों को जल्द ही निकास मार्ग मिल सकेगा। मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक में इस कार्य की प्रगति बताई गई। डीएम ने आश्वासन दिया है कि इस कार्य को जल्दी पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही GIDA में खड़े होने वाले ट्रकों की पार्किंग के लिए भी स्थान चिह्नित करने का निर्देश सीईओ विशाल कुमार को दिया गया है। जमीन चिह्नित करने के बाद यहां पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में औद्योगिक विकास, उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण तथा औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लंबित मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक में उद्यमियों ने अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उद्यमियों ने औद्योगिक इकाइयों के संचालन, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।
गीडा से बाहर निकलने के लिए यू टर्न मार्ग की व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। डीएम ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को इस समस्या को लेकर जरूरी कार्यवाही करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के दृष्टिगत व्यावसायिक वाहनों के लिए उपयुक्त स्थानों पर होल्डिंग एरिया विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर खड़े होकर माल उतारने वाले व्यावसायिक वाहनों के कारण यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। इसके लिए निर्धारित स्थलों पर माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर अनधिकृत रूप से खड़े होकर माल उतारने वाले व्यावसायिक वाहनों को हटाने की कार्रवाई की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। बैठक में उद्यमियों द्वारा उठाए गए विभिन्न अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। बैठक मुख्य कार्यपालक अधिकारी गीडा विशाल कुमार, नगर आयुक्त अजय जैन सहित विभागीय अधिकारीगण एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)