गन हाउस की आड़ में कारतूसों का अवैध कारोबार:बदायूं में 5 किलो 380 ग्राम गंधक पोटाश से भरे मिले, संचालक पर मुकदमा

Oct 13, 2026 - 12:10
0
गन हाउस की आड़ में कारतूसों का अवैध कारोबार:बदायूं में 5 किलो 380 ग्राम गंधक पोटाश से भरे मिले, संचालक पर मुकदमा
बदायूं के इस्लामनगर में गन हाउस में हुआ भीषण धमाका संचालक राजीव मित्तल के कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है। जिस गन हाउस में हथियार और कारतूसों का कारोबार नियमों के दायरे में होना चाहिए, वहां जांच के दौरान 5 किलो 380 ग्राम गंधक-पोटाश से भरे कारतूस मिले। पुलिस के मुताबिक, संचालक के पास इन्हें रखने का लाइसेंस नहीं था। इसके बाद उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जाता है कि धमाका इतना भीषण था कि गन हाउस की बिल्डिंग की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गईं। घटना ने गन हाउस में रखे विस्फोटक पदार्थों की सुरक्षा और संचालक की जवाबदेही को कटघरे में खड़ा कर दिया है। दरअसल, सोमवार दोपहर करीब एक बजे इस्लामनगर कस्बे के बाजार स्थित गन हाउस में हुई। इस्लामनगर निवासी राजीव मित्तल के गन हाउस में अचानक तेज धमाके के बाद आग लग गई। आवाज इतनी तेज थी कि बाजार में अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर पहुंचे तो वहां काम करने वाले सिठौली गांव निवासी अमित और शिवकुमार के अलावा इस्लामनगर निवासी राजेश झुलसी हालत में मिले। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। अमित की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गन हाउस की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास के मकानों तक कंपन महसूस हुआ। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गन हाउस संचालक से पूछताछ की। पुलिस ने कारतूसों के भंडारण से संबंधित लाइसेंस और दस्तावेजों की जांच की। इसी दौरान 5 किलो 380 ग्राम गंधक-पोटाश से भरे कारतूस मिले। पुलिस के मुताबिक, संचालक के पास इन्हें रखने का लाइसेंस नहीं था। इसके बाद राजीव मित्तल के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विस्फोटक पदार्थों के भंडारण में नियमों की अनदेखी केवल कागजी उल्लंघन नहीं, बल्कि कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है। धमाके में दीवार गिरने और पड़ोसियों के मकानों तक असर पहुंचने से इस खतरे की गंभीरता सामने आ गई। बिना लाइसेंस इतनी मात्रा में कारतूस गन हाउस पर लंबे समय से चल रहे इस कारोबार का सबूत बन गया है। एसपी देहात डॉ ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि मामले की जांच में सब स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User