गंगा एक्सप्रेसवे पर बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत:उन्नाव में पैदल घर लौट रहा था, बाइक सवार भी घायल
उन्नाव के दही थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के नीचे सर्विस रोड पर शुक्रवार रात बाइक की टक्कर से पैदल घर लौट रहे 22 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। वह बसीरतगंज बाजार से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक सवार भी घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर घटना की जानकारी दी। मृतक की पहचान दही थाना क्षेत्र के मैता गांव निवासी रंजीत (22) पुत्र मुन्नीलाल के रूप में हुई है। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, रंजीत ईंट-गारा और निर्माण कार्य से जुड़ी मजदूरी करते थे। परिवार में वह दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। रंजीत की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पीछे से बाइक सवार ने मारी टक्कर रंजीत के दोस्त और पड़ोसी लल्लन ने बताया कि वह बाजार से लौट रहे थे और पैदल सर्विस रोड के किनारे अपनी तरफ चल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद रंजीत घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। हादसे में बाइक सवार भी घायल हुआ है और उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार ने कार्रवाई की मांग की लल्लन ने हादसे के लिए बाइक सवार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि रंजीत सड़क के किनारे पैदल चल रहे थे, तभी पीछे से बाइक ने टक्कर मार दी। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार रात हुए इस हादसे के बाद शनिवार सुबह परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिवार के लोग रंजीत की मौत से सदमे में हैं। मजदूरी करके जीवनयापन करने वाले रंजीत की मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति भी पैदा हो सकती है। थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)