गोंडा में 10 से अधिक जगहों पर होगा रावण दहन:कर्नलगंज में 50 फीट का रावण जलेगा, पुतलों के अवशेष लेने उमड़ेंगे लोग
गोंडा जिले में मंगलवार शाम 6 बजे से मनाए जाने वाले विजयदशमी यानी रावण दहन कार्यक्रम को लेकर सोमवार शाम 4 बजे तक तैयारियां जोरों पर रहीं। जिले में 10 से अधिक स्थानों पर विधि-विधान से राम और रावण के बीच युद्ध के मंचन के बाद रावण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले के अलग-अलग रावण दहन स्थलों पर 200 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें महिला और पुरुष दोनों पुलिसकर्मी शामिल हैं। गोंडा के रामलीला मैदान में 30 फीट ऊंचे रावण और 18 फीट ऊंचे मेघनाथ के पुतले का दहन किया जाएगा। मंगलवार शाम से 5:30 बजे से 7 बजे तक इस कार्यक्रम के लिए गांधी पार्क से हनुमानगढ़ी तक रूट डायवर्जन रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यहां रावण दहन कार्यक्रम देखने के लिए करीब 20 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है। रावण दहन के बाद लोग पुतलों के अवशेषों को अस्थियां समझकर लूटकर ले जाते हैं। गोंडा के खैरा भवानी मंदिर मैदान में भी 30 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। यहां भी हर साल रावण दहन के बाद लोग पुतले के अवशेषों को अस्थियां समझकर लोग ले जाते हैं। मंगलवार शाम 5:30 बजे से रात आठ बजे तक इस कार्यक्रम के लिए भी रानी बाजार से खैरा मैदान तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। कर्नलगंज रामलीला मैदान में मंगलवार देर शाम कार्यक्रम का समापन होगा। यहां 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भी करीब 20 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। गोंडा मुख्यालय स्थित पंतनगर रामलीला मैदान में 30 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। इसके अलावा नवाबगंज के पड़ाव मोहल्ले में 12 फीट ऊंचे, इटियाथोक की अयाह ग्राम पंचायत में 10 फीट ऊंचे और रुपईडीह के गोपाल बाग में भी 10 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। गोंडा के एसपी अभिषेक झा ने बताया कि रावण दहन के सभी स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)