गोंडा में बेरोजगारी के खिलाफ Gen-Z का प्रदर्शन:गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च; बोले- नौकरी नहीं मिली तो घर नहीं लौटेंगे

Oct 05, 2026 - 18:14
0
गोंडा में बेरोजगारी के खिलाफ Gen-Z का प्रदर्शन:गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च; बोले- नौकरी नहीं मिली तो घर नहीं लौटेंगे
गोंडा में बेरोजगारी के विरोध में सोमवार शाम करीब 5:20 बजे Gen-Z के युवाओं ने गोंडा के गांधी पार्क में अनोखा प्रदर्शन किया। कई युवा रोजगार नहीं मिलने की बात कहते हुए घर छोड़कर गांधी पार्क पहुंचे और वहां डेरा जमा लिया। सूचना पर रोडवेज चौकी प्रभारी सोनू पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परमिशन नहीं होने की बात कहते हुए पुलिस ने युवाओं को धरने से हटा दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी हाथों में बेरोजगारी से जुड़े पोस्टर लेकर गांधी पार्क से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां युवाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बोले- नौकरी नहीं मिली तो घर वापस नहीं जाएंगे प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विपनेश यादव ने कहा कि शिक्षा पूरी करने के बावजूद नौकरी नहीं मिल रही है। इससे वे परिवार पर बोझ बन गए हैं। उन्होंने कहा कि न परिवार में उनकी अहमियत रह गई है और न समाज में कोई भूमिका दिखाई दे रही है। विपनेश ने कहा कि इसी निराशा और गुस्से के कारण युवाओं ने घर छोड़ने का फैसला किया है। जब तक बेरोजगारी की समस्या का ठोस और स्थायी समाधान नहीं निकलता, वे घर वापस नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज से जो खाना मिलेगा, वही खाएंगे और मदद नहीं मिली तो भूखे पेट सो जाएंगे, लेकिन घर नहीं लौटेंगे। गांधी पार्क में बोलने का मौका नहीं मिलने का आरोप प्रदर्शन में शामिल अवधेश यादव ने आरोप लगाया कि गांधी पार्क में पुलिस ने उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया। इससे नाराज होकर सभी युवा पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। युवाओं ने सरकार पर रोजगार उपलब्ध नहीं कराने और रोजगार के अवसर कम होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में पूरे उत्तर प्रदेश में इसी तरह बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User