गोंडा में भाजपा ने निकाली सेवा ज्योति मशाल यात्रा:सभी विधायक-सांसद और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए, भारत को विकसित बनाने का संकल्प
गोंडा जिले में आज बुधवार दोपहर 12:00 बजे भारतीय जनता पार्टी द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी के जन सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'सेवा ज्योति यात्रा' का आयोजन किया गया था। गोंडा मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में जिले के सभी विधायक, दोनों सांसदों के प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता व स्थानीय लोग शामिल हुए। अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री व संगठन जिला प्रभारी राहुल रस्तोगी के नेतृत्व में गोंडा मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम से जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने हाथों में सेवा ज्योति मशाल लेकर यात्रा निकाली और मेडिकल कॉलेज परिसर के अंदर लगी महाराजा देवी बख्श सिंह की प्रतिमा के पास पहुंचे। वहां 'भारत माता की जय', 'पीएम नरेंद्र मोदी जिंदाबाद' और 'भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद' के नारे लगाकर सेवा ज्योति यात्रा का समापन किया गया। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज परिसर में भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा 'विकसित भारत 2047' को लेकर एक बहुत ही सुंदर रंगोली बनाई गई थी, जिसे देखकर सभी लोगों ने सामूहिक रूप से 2047 तक भारत को विकसित बनाने का संकल्प भी लिया। विकसित भारत संकल्प सभा में भाजपा विधायक (गौरा) प्रभात वर्मा ने पीएम नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जन सेवा काल को लेकर कहा कि चाहे गुजरात के अंदर एक अच्छा विकास का मॉडल स्थापित करना हो या कानून व्यवस्था का मॉडल स्थापित करना, देश से आतंकवाद व नक्सलवाद को खत्म करना हो या जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना हो सभी क्षेत्रों में पीएम नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक काम किया है। भाजपा विधायक (सदर) प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी से हम लोग प्रेरणा लेते हैं। उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है; वह हर वक्त देशवासियों के लिए सोचते हैं और देश की सेवा करते हैं। तरबगंज के भाजपा विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने कहा कि जब भी देश के लिए कोई काम करने की बात आई है, पीएम नरेंद्र मोदी ने बढ़-चढ़कर देश व देशवासियों के लिए काम किया है। मेहनौन से भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने कहा कि जब देश में महामारी आई, तब भी पीएम नरेंद्र मोदी ने पूरे देशवासियों की मदद की और वे लगातार 25 वर्षों से जन सेवा कर रहे हैं। भाजपा विधायक अजय कुमार सिंह ने कहा कि अभी हाल ही में नेपाल में जिस तरीके से त्रासदी आई, बिना सोचे तत्काल हमारे देश के प्रधानमंत्री ने नेपाल की मदद की; तो हम लोगों को अपने प्रधानमंत्री से बहुत कुछ सीखने को मिलता है, वे हमारे अभिभावक हैं। मनकापुर से भाजपा विधायक रमापति शास्त्री ने कहा कि मैं तो काफी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हूं। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्षों को देखा है; वे 25 वर्षों से लगातार देश की सेवा कर रहे हैं और देश को एक मजबूत दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। कटरा बाजार के भाजपा विधायक बावन सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों में आज हमारा भारत सुरक्षित है। लगातार एक के बाद एक बड़े फैसले जनता के हित में लिए जा रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सबसे बड़ा फैसला लिया गया; महिलाओं और युवाओं को आगे बढ़ाने का काम किया गया। वहीं गोंडा भाजपा जिलाध्यक्ष एकबाल बहादुर तिवारी ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से हम लोगों ने सामूहिक रूप से विकसित भारत 2047 को लेकर संकल्प लिया है। आगे भी यह कार्यक्रम हमारे गांव, वार्ड और अलग-अलग मोहल्लों में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला सह-मीडिया प्रभारी अविनाश जायसवाल, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बीना राय, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रिंस चौरसिया, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विद्या भूषण द्विवेदी सहित भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)