गोंडा में दंगा नियंत्रण का मॉक ड्रिल:पुलिसकर्मियों ने चलाए टीयर गैस गन, त्योहारों पर उपद्रव से निपटने की तैयारी
गोंडा। शारदीय नवरात्रि और आगामी धनतेरस व दीपावली को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार शाम 4 बजे रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण अभ्यास किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों को भीड़ और उपद्रव की स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। टीयर गैस गन और एंटी रॉयट उपकरणों का अभ्यास बलवा ड्रिल के दौरान परेड ग्राउंड में काल्पनिक तनावपूर्ण परिस्थितियां तैयार की गईं। जवानों को न्यूनतम बल प्रयोग कर अनियंत्रित भीड़ को नियंत्रित करने का अभ्यास कराया गया। इस दौरान धानेपुर थानाध्यक्ष विपुल कुमार पांडेय ने टीयर गैस गन चलाकर अभ्यास का नेतृत्व किया। पुलिसकर्मियों को टीयर गैस गन, लाठी-शील्ड, एंटी रॉयट गियर, वाटर कैनन और रबर बुलेट गन के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें विषम परिस्थितियों में संयम बनाए रखने, तेजी से प्रतिक्रिया देने और आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
‘उपद्रवियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई’ अभ्यास का निरीक्षण करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक ने कहा कि आपात स्थिति में त्वरित निर्णय और बेहतर संवाद से नुकसान कम किया जा सकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील पुलिस प्रशासन ने त्योहारों के दौरान बाजारों, पूजा पंडालों और सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ को देखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और नवरात्रि, धनतेरस व दीपावली को शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)