गोंडा में दुर्गा पूजा पंडाल में मारपीट और आगजनी:3 लोग घायल, 2 मेडिकल कॉलेज रेफर; पीड़ितों ने लगाया मूर्ति जलाने और लाठी-डंडों से पीटने का आरोप
गोंडा के उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के पहलवान पुरवा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल में मारपीट के दौरान आग लग गई। आग की चपेट में आने से मां दुर्गा की मूर्ति समेत कई छोटी प्रतिमाएं आंशिक रूप से जल गईं। पंडाल में रखी ड्रेस और टेबल भी जल गईं। मारपीट में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो को गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद गांव में लोगों में नाराजगी है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप- पहले मूर्ति जलाई, फिर मारपीट की पीड़ित अखिलेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि वे लोग पूजा करने के लिए पंडाल में आए थे। इसी दौरान रामदेव, सत्यदेव, रंजीत और गुल्लू ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावर लाठी-डंडे लेकर आए थे और कुल्हाड़ी समेत लोहे की अन्य चीजों से हमला किया। अखिलेश का कहना है कि मारपीट में उन्हें, राम सिंह और मिथिलेश को चोटें आई हैं। राम सिंह और मिथिलेश अस्पताल में भर्ती हैं। चार महीने पहले भी विवाद का लगाया आरोप अखिलेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि करीब चार महीने पहले भी गांव में पूजा-पाठ के दौरान इन्हीं लोगों ने मारपीट की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले मूर्तियों को आग के हवाले किया और फिर उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक, घटना के समय वे लोग खुद को बचाने में लगे थे, इसलिए वीडियो नहीं बना सके। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मारपीट के दौरान दीपक से लगी आग: एसपी एसपी अभिषेक झा ने बताया कि मारपीट के दौरान जलते दीपक से पंडाल में आग लगी थी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना में मारपीट और आग लगने की परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)