गोंडा में घाघरा-सरयू के बढ़ते जलस्तर से तटबंधों पर खतरा:अफसरों ने बुलेट से 40 किमी तक किया निरीक्षण; 24 घंटे निगरानी के निर्देश

Sep 29, 2026 - 20:08
0
गोंडा में घाघरा-सरयू के बढ़ते जलस्तर से तटबंधों पर खतरा:अफसरों ने बुलेट से 40 किमी तक किया निरीक्षण; 24 घंटे निगरानी के निर्देश
गोंडा में घाघरा और सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ एल्गिन-चरसड़ी और भिखारीपुर-सकरौर तटबंध पर कटान का खतरा बढ़ गया है। नदी कई जगह तटबंध के बिल्कुल किनारे तेजी से कटान कर रही है। इसे देखते हुए बाढ़ खंड विभाग अलर्ट मोड पर है। मंगलवार शाम मुख्य अभियंता सरयू प्रथम अयोध्या संजय त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार साहू और अधिशासी अभियंता जय सिंह ने एल्गिन ब्रिज से पसका तक बुलेट से 40 किमी तटबंध का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तटबंध की स्थिति करीब से देखने के लिए बुलेट से निरीक्षण किया। जलस्तर बढ़ने और कई स्थानों पर रास्ता खराब होने के कारण चार पहिया वाहन से पूरे तटबंध का निरीक्षण करना संभव नहीं था। टीम ने रास्ते में एक-एक संवेदनशील स्थान पर रुककर कटान और तटबंध की स्थिति देखी। मुख्य अभियंता ने बाढ़ खंड के अधिकारियों को तटबंध की 24 घंटे निगरानी करने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर नदी तटबंध के करीब कटान कर रही है, वहां तत्काल बचाव कार्य शुरू करने को कहा गया। कटान रोकने के लिए परक्यूपाइन लगाने के निर्देश संजय त्रिपाठी ने तटबंध की सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट भी मांगी। उन्होंने कटान वाले स्थानों पर बचाव कार्य तेज करने के साथ तटबंध के किनारे परक्यूपाइन लगाने के निर्देश दिए, ताकि नदी की धारा को तटबंध से दूर किया जा सके। दो दिन पहले गोकुल पाही के पास भी हुआ था कटान दो दिन पहले सोनौली मोहम्मदपुर के पास गोकुल पाही क्षेत्र में घाघरा ने तटबंध के किनारे तेजी से कटान किया था। उस समय भी मुख्य अभियंता संजय त्रिपाठी मौके पर पहुंचे थे और करीब 18 घंटे तक वहीं रहकर मरम्मत एवं बचाव कार्य कराया था। इसके बाद अब बढ़ते जलस्तर के बीच संवेदनशील हिस्सों की दोबारा निगरानी की जा रही है। बाढ़ खंड बोला- तटबंध पूरी तरह सुरक्षित अधिशासी अभियंता जय सिंह ने बताया कि मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने एल्गिन ब्रिज से पसका तक तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि टीम ने गंभीरता से प्रत्येक संवेदनशील स्थान को देखा है। जहां सुरक्षा के लिए काम जरूरी था, वहां तत्काल कार्य शुरू करा दिया गया है। उनके अनुसार फिलहाल तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User