गोरखधाम एक्सप्रेस से पहुंचे GM:यात्रियों से बातचीत कर हाल पूछा, पुराने स्टिकर हटाने और सफाई सुधारने के निर्देश दिए

Oct 05, 2026 - 23:41
0
गोरखधाम एक्सप्रेस से पहुंचे GM:यात्रियों से बातचीत कर हाल पूछा, पुराने स्टिकर हटाने और सफाई सुधारने के निर्देश दिए
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सोमवार को गोरखपुर जंक्शन पर गोरखधाम एक्सप्रेस और प्लेटफॉर्म नंबर-9 का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेन के अलग-अलग कोचों में यात्री सुविधाओं की स्थिति देखी और यात्रियों से सीधे बातचीत कर फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई और प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने निरीक्षण की शुरुआत 12555 गोरखपुर-बठिंडा गोरखधाम एक्सप्रेस के एस-1 शयनयान कोच से की। टॉयलेट, वाश बेसिन और लाइटिंग देखी यहां उन्होंने भारतीय और पाश्चात्य शैली के प्रसाधन, वाश बेसिन और लाइटिंग व्यवस्था देखी। इसके बाद बी-6, बी-7 और बी-8 एसी थर्ड कोच में पहुंचकर यात्रियों को दिए जा रहे लिनेन, तकिए, तौलिये और कंबलों की साफ-सफाई और रखरखाव की जांच की। उन्होंने कोच अटेंडेंट को लिनेन व्यवस्थित तरीके से रखने और उसकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रसाधनों में फ्लशिंग सिस्टम, पानी की उपलब्धता और आसपास की सफाई भी देखी। अधिकारियों से कहा कि कोच और प्रसाधनों की नियमित अंतराल पर सफाई कराई जाए। अस्पष्ट स्टिकर हटाने के निर्देश एसी कोचों में जीएम ने पर्दे, चार्जिंग प्वाइंट, रास्ते में लगी पीली पट्टी और वायरिंग सिस्टम की भी जांच की। कोच के अंदर लगे अस्पष्ट और पुराने स्टिकर हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 'रेल मदद-139' और 'धूम्रपान निषेध' जैसे जरूरी जागरूकता वाले स्टिकर स्पष्ट और यात्रियों की पहुंच वाले स्थान पर लगाए जाएं। उन्होंने ट्रेन में समयबद्ध अनुरक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने और एसी फर्स्ट क्लास कोच में पेंटिंग्स लगवाने का सुझाव भी दिया। सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोचों में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण करने के साथ यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी जाने। प्लेटफॉर्म-9 के स्टॉल भी देखे ट्रेन के निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक प्लेटफॉर्म नंबर-9 पहुंचे। यहां उन्होंने खान-पान के स्टॉलों का निरीक्षण किया और यात्रियों की सुविधा के हिसाब से जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए। पे एंड यूज शौचालय में सफाई और प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के काम की प्रगति भी देखी। अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान यात्रियों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर रवीश कुमार समेत वरिष्ठ रेल अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User