लखनऊ में बाढ़ में घिरे बुजुर्ग की घर में मौत:2 हफ्ते से बीमार थे, परिजनों ने नाव पर लादकर बाहर निकाला शव

Oct 05, 2026 - 23:41
0
लखनऊ में बाढ़ में घिरे बुजुर्ग की घर में मौत:2 हफ्ते से बीमार थे, परिजनों ने नाव पर लादकर बाहर निकाला शव
लखनऊ के फैजुल्लागंज के अन्नपूर्णानगर में बाढ़ के पानी में कई दिनों से फंसे 72 वर्षीय बुजुर्ग की सोमवार सुबह इलाज के अभाव में मौत हो गई। घर के आसपास करीब आठ फीट पानी भरा होने के कारण परिजन उन्हें अस्पताल नहीं ले जा सके। मौत के बाद शव को घर से बाहर निकालने के लिए भी परिजनों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मदद न मिलने पर उन्होंने पुराने टायरों पर पटरा बांधकर अस्थायी नाव तैयार की। इसका वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया, आनन-फानन में नाव उपलब्ध कराई गई। इसके बाद परिजन शव को बाहर निकालकर अंतिम संस्कार के लिए ले जा सके। सोमवार को हुई मौत परिजनों के मुताबिक बंशीलाल करीब दो सप्ताह से बीमार थे। बाढ़ के कारण घर चारों तरफ से पानी से घिरा था। करीब आठ फीट जलभराव होने से बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना संभव नहीं था। परिजनों ने मदद के लिए कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई सहायता नहीं पहुंची। सोमवार सुबह बंशीलाल ने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत के बाद शव को घर से बाहर निकालना भी परिजनों के लिए चुनौती बन गया। कोई साधन उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने पुराने टायरों और पटरे की मदद से अस्थायी नाव तैयार की। इसी दौरान इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल नाव उपलब्ध कराई, जिसके जरिए शव को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से बाहर निकाला गया। प्रकरण की जांच कराई जाएगी सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। स्वास्थ्य टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं और एंबुलेंस भी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग को इलाज क्यों नहीं मिल सका, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ---------------------- ये खबर भी पढ़िए- लखनऊ में बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे सीएम योगी, खाने का सामान बांटा

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User