गोरखपुर के रेलवे कॉलोनी में चोरी करने वाले बाप-बेटे गिरफ्तार:चोरों के घर खुदाई करने पर मिले 50 लाख के जेवर, 6 घरों से उड़ाया माल
गोरखपुर की शाहपुर पुलिस ने पूर्वोत्तर रेलवे कॉलोनी में हुई लगातार चोरी की 6 वारदातों का रविवार को खुलासा कर दिया है। एंटी थेफ्ट सेल और सर्विलांस सेल के साथ संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर बाप-बेटे को गिरफ्तार किया। पकड़े गए दोनों आरोपी पादरी बाजार के रहने वाले हैं। उनके पास से करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार 500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। बाप-बेटे चोरी का माल घर के अंदर जमीन में गाड़ देते थे। पुलिस ने आरोपियों के बताने पर खुदाई कर उनके घर से चोरी का माल बरामद किया। 6 घरों को बनाया था निशाना
एसपी क्राइम अयोध्या सिंह ने पुलिस के व्हाइट हाउस में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि शाहपुर क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में पिछले 6 महीनों में अलग-अलग तारीखों पर 6 घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। पीड़ितों की तहरीर पर थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार की रात दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रत्नेश अग्रहरी और उसके पिता रविन्द्र प्रसाद अग्रहरी के रूप में हुई है। दोनों मोहनापुर पासी टोला पादरी बाजार के रहने वाले हैं। 415 ग्राम सोना और डेढ़ किलो से ज्यादा चांदी बरामद
तलाशी में इनके पास से 415 ग्राम पीली धातु यानी सोने के और 1 किलो 648 ग्राम सफेद धातु यानी चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। साथ में 90 हजार 500 रुपए नकद भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद जेवरों की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 9 अंगूठी, 2 हार, 12 झुमका, 5 मंगलसूत्र, 4 चेन, मांग टीका, 4 लॉकेट, 3 नथिया, कड़ा और माला समेत सोने के कई जेवर शामिल हैं। वहीं चांदी में 20 पायल, कमरधनी, चेन, ब्रेसलेट, 14 बिछिया, 14 सिक्के और 2 अंगूठी बरामद हुई हैं। ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि रविंद्र प्रसाद पलंबर का काम करता था। वह रेलवे कालोनी के घरों में आता-जाता था। इस दौरान कई चोरियां हुई थीं। जिसका खुलासा नहीं हो पाया था। इसके बाद पिता ने भी अपने बेटे के साथ मिलकर चोरी करने का प्लान बनाया। पिता रेलवे कालोनी के बंद पड़े क्वार्टरों की रेकी करता था। बेटा उसे निशाना बनाता था। रेलवे कॉलोनी में अक्सर लोग ड्यूटी पर बाहर रहते हैं, इसका फायदा उठाकर ये ताला तोड़कर जेवर और नकदी चोरी कर लेते थे। चोरी का माल घर में ही छिपाकर रखते थे। पुलिस का कहना है कि बरामदगी के आधार पर दर्ज सभी 6 मुकदमों में माल बरामदगी की धारा बढ़ा दी गई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ में कुछ और चोरी की घटनाओं के भी खुलासे की संभावना है। फिलहाल पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने में शाहपुर थाना प्रभारी अंजय कुमार और एंटी थेप्ट टीम के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय की अहम भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)