गोरखपुर की गैलेंट इस्पात की ब्रांडिंग करेंगे जाह्नवी कपूर-अजय देवगन:3,000 करोड़ से बढ़ेगी स्टील उत्पादन क्षमता; सोलर प्लांट पर भी निवेश

Oct 11, 2026 - 14:38
0
गोरखपुर की गैलेंट इस्पात की ब्रांडिंग करेंगे जाह्नवी कपूर-अजय देवगन:3,000 करोड़ से बढ़ेगी स्टील उत्पादन क्षमता; सोलर प्लांट पर भी निवेश
गोरखपुर की गैलेंट इस्पात लिमिटेड अपने कारोबार के विस्तार के साथ ब्रांड की पहचान मजबूत करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर अब अभिनेता अजय देवगन के साथ गैलेंट टीएमटी बार्स की ब्रांड एंबेसडर के रूप में जुड़ गई हैं। कंपनी का नया अभियान ‘निर्माण का रियल हीरो’ आधुनिक भारत के निर्माण और विकास में योगदान देने वाले लोगों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। कंपनी का यह कदम ऐसे समय में आया है, जब वह अपनी स्टील उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े निवेश की योजना पर काम कर रही है। गैलेंट इस्पात के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 उसके लिए विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेगा। कंपनी की स्टील उत्पादन क्षमता 2026 की दूसरी छमाही तक करीब 10 लाख टन से बढ़ाकर 13 लाख टन करने का लक्ष्य है। 3,000 करोड़ के निवेश से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता कंपनी इस विस्तार पर करीब ₹3,000 करोड़ खर्च करेगी। इस निवेश में स्टील उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ 85 मेगावाट का सोलर प्लांट स्थापित करना और उत्तर प्रदेश व गुजरात में आयरन ओर माइंस को चालू करना शामिल है। कंपनी का उद्देश्य उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और अपनी मैन्युफैक्चरिंग व्यवस्था को मजबूत करना है। गैलेंट इस्पात की उत्पादन इकाइयां उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और गुजरात के कच्छ में हैं। कंपनी की इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग चेन में पेलेट्स, डीआरआई यानी स्पंज आयरन, बिलेट्स, टीएमटी बार्स और कैप्टिव पावर शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, वर्तमान में उसकी सालाना तैयार स्टील उत्पादन क्षमता 9.50 लाख मीट्रिक टन है। इसके अलावा 129.5 मेगावाट कैप्टिव पावर और 7 मेगावाट कैप्टिव सोलर क्षमता है। कंपनी में 5,000 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर भी फोकस ब्रांड एंबेसडर के रूप में जाह्नवी कपूर को जोड़ने के पीछे कंपनी की ब्रांड पहचान को आधुनिक और व्यापक बनाने की रणनीति है। कंपनी का मानना है कि कंस्ट्रक्शन, आर्किटेक्चर, इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। घर बनाने के फैसलों से लेकर बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स तक महिलाएं पहले से अधिक सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। जाह्नवी कपूर और अजय देवगन के साथ यह साझेदारी इसी बदलते सामाजिक और आर्थिक परिदृश्य को सामने लाने की कोशिश है। कंपनी अपनी दशकों पुरानी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को आधुनिक और जेंडर न्यूट्रल ब्रांड पहचान के साथ जोड़ना चाहती है। ‘निर्माण का रियल हीरो’ अभियान के जरिए गैलेंट खुद को भारत की विकास यात्रा और भविष्य के निर्माण से जोड़कर पेश कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User