गोरखपुर में 10 अक्टूबर से शुरू होगी 109वीं रामलीला:राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल करेंगे उद्घाटन, CM योगी करेंगे भगवान राम का तिलक
गोरखपुर में इस बार रामलीला का आयोजन और भी भव्य एवं आकर्षक होने जा रहा है। रामलीला समिति, आर्यनगर की ओर से मानसरोवर रामलीला मैदान में इस वर्ष 109वीं रामलीला का मंचन किया जाएगा। समिति ने आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। रामलीला 10 अक्टूबर से शुरू होकर 23 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रमुख प्रसंगों का भव्य मंचन किया जाएगा। रामलीला समिति आर्यनगर के अध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने मानसरोवर रामलीला मैदान में प्रेसवार्ता कर आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष रामलीला को विशेष रूप से भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की गई है। रामलीला का मंचन राम शर्मा (निमाई जी) के निर्देशन में राधा विनोद लीला संस्थान, वृंदावन की ओर से किया जाएगा। पारंपरिक शैली में होने वाला यह मंचन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। 11 अक्टूबर को राज्यपाल करेंगे शुभारंभ रामलीला का भव्य उद्घाटन 11 अक्टूबर की शाम 7 बजे होगा। समिति के मुताबिक तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल रामलीला का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर समिति की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। रामलीला के दौरान 14 अक्टूबर की शाम 7 बजे राम बारात निकाली जाएगी। राम बारात हनुमान जी मंदिर, गोरखनाथ मुख्य गेट के सामने से शुरू होकर मानसरोवर मंदिर होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। इसके बाद श्रीराम विवाह का भव्य मंचन किया जाएगा। इस दिन मंथरा-कैकेयी संवाद, दशरथ-कैकेयी संवाद और भगवान श्रीराम के वनवास से जुड़े प्रसंग भी मंचित किए जाएंगे। शहर की सड़कों पर निकलेगी भगवान राम की सवारी इसी क्रम में भगवान श्रीराम की सवारी भी निकाली जाएगी। ठाकुर मदन मोहन जी मंदिर, आर्यनगर से शुरू होने वाली यह सवारी बक्शीपुर, हिंदी बाजार, लालडिग्गी और जाफरा बाजार होते हुए आर्यनगर पहुंचेगी। राम बारात और भगवान श्रीराम की सवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिलेगा। 15 अक्टूबर की शाम 7 बजे रामलीला में केवट संवाद, श्रवण कुमार और राजा दशरथ के मरण का भावपूर्ण मंचन किया जाएगा। इसके बाद राम-भरत मिलाप समेत रामायण के अन्य महत्वपूर्ण प्रसंगों को भी मंच पर जीवंत किया जाएगा। भगवान श्रीराम के वनवास और भरत के त्याग से जुड़े प्रसंग दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगे। 20 अक्टूबर को CM योगी करेंगे भगवान श्रीराम का तिलक रामलीला का सबसे प्रमुख कार्यक्रम 20 अक्टूबर की शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ भगवान श्रीराम का तिलक करेंगे और श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। समिति अध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने बताया कि 10 से 23 अक्टूबर तक चलने वाली 109वीं रामलीला में धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक आयोजनों का संगम देखने को मिलेगा। रामलीला समिति की कोशिश है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन श्रद्धालुओं के लिए यादगार बने और भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और संस्कारों का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)