रामपुर में जनगणना फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण:सीडीओ ने कहा- जानकारी दर्ज कर शत-प्रतिशत और त्रुटिरहित गणना सुनिश्चित करें
रामपुर में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत जिला फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार को दूसरे दिन भी संत शिरोमणि रविदास सर्किट हाउस में जारी रहा। प्रथम बैच का प्रशिक्षण 7 से 9 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कार्मिकों को जनगणना की प्रक्रिया, प्रश्नावली और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। ‘प्रशिक्षण के बाद ही लगाई जाए ड्यूटी’ मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी गुलाब चन्द्र ने गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्मिक प्रशिक्षण के दौरान जनगणना प्रक्रिया और प्रश्नावली को पूरी तरह समझ लें, ताकि क्षेत्र में काम करते समय किसी तरह की समस्या न हो और शत-प्रतिशत एवं त्रुटिरहित गणना सुनिश्चित की जा सके। सीडीओ ने कहा कि जनगणना कार्य में उन्हीं कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाए, जिनका प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। प्रशिक्षण समाप्त होते ही कार्मिक अपने क्षेत्र की कार्ययोजना के अनुसार तैयारियां पूरी करें। मकानों और परिवारों की सूची समय से तैयार करने के साथ क्षेत्रवार कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए। परिवार के सभी सदस्यों की दर्ज होगी जानकारी सीडीओ ने कहा कि गणना के दौरान प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों की सही और पूरी जानकारी दर्ज की जाए। प्रशिक्षणार्थियों को गणना में पूछे जाने वाले 40 प्रकार के प्रश्नों को अच्छी तरह समझने के निर्देश दिए गए। परिवार के मुखिया या संबंधित सदस्य को आवश्यक जानकारी पहले से तैयार रखने के लिए जागरूक करने को भी कहा गया। उन्होंने कहा कि आधार, बैंक विवरण और मांगी जाने वाली अन्य सूचनाओं के संबंध में परिवारों को समय रहते जानकारी दी जाए, ताकि गणना के दौरान अनावश्यक देरी न हो। 1 दिसंबर से शुरू होगा स्थलीय गणना कार्य सीडीओ ने प्रशिक्षण के दौरान ही कार्मिकों को अपने क्षेत्र से संबंधित घरों की सूची, क्षेत्रवार कार्ययोजना और अन्य तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे 1 दिसंबर से शुरू होने वाला स्थलीय गणना कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जा सकेगा। मास्टर ट्रेनर मनोज कुमार निमेष और अंकुर शुक्ला ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)