गोरखपुर में 'कैंची धाम' थीम पर सजा पंडाल:'हनुमान अंश' देखकर जगी श्रद्धा, हिंदू-मुस्लिम ने मिलकर तैयार की दिव्य झांकी
गोरखपुर के साहबगंज गुड़मंडी में कैंची धाम की थीम पर मां दुर्गा का पंडाल बनाया गया है। जिसमें झांकी के माध्यम से नीम करोरी बाबा से जुड़े हर छोटी- छोटी जगहों को खूबसूरत ढंग से दर्शाया है। खास बात यह है कि इस झांकी को हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के कारीगरों ने मिलकर तैयार किया है। जिसे देखने के लिए अभी से ही लोगों में उत्साह है। दुर्गा पूजा नवयुक्त समिति के अध्यक्ष हिमांशु गुप्ता ने बताया कि इस खास थीम के पीछे एक बेहद दिलचस्प कहानी है। कुछ समय पहले समिति के सभी सदस्य एक साथ 'हनुमान अंश' फिल्म देखने गए थे। इस फिल्म को देखने के बाद सभी के दिलों में हनुमान जी और उनके महान अवतार माने जाने वाले संत नीम करोरी बाबा के प्रति गहरी श्रद्धा और आस्था जाग गई। इसके बाद समिति के सभी सदस्यों ने मन बनाया कि वे उत्तराखंड स्थित कैंची धाम जाकर नीम करोरी बाबा के दर्शन करेंगे। देखिए तस्वीरें… दर्शन को नहीं जा पाए थे
हालांकि, व्यस्तताओं और किसी कारणवश वे कैंची धाम की यात्रा पर नहीं जा सके। जब नवरात्रि का त्योहार नजदीक आया, तो समिति के सदस्यों के मन में विचार आया कि क्यों न इस बार अपने शहर में ही कैंची धाम की थीम पर पंडाल सजाया जाए। इससे न केवल समिति के लोग बल्कि गोरखपुर के आम श्रद्धालु भी नीम करोरी बाबा के दिव्य स्वरूप और उनके धाम की महिमा से रूबरू हो सकेंगे। 25 दिनों की मेहनत से आकार ले रही झांकी
झांकी को भव्य और सजीव रूप देने के लिए पिछले 25 दिनों से दिन-रात काम चल रहा है। आयोजकों के मुताबिक, पंडाल का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और बचा हुआ 10 प्रतिशत फिनिशिंग और सजावट का काम अगले दो दिनों के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद इसे आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा। इस भव्य झांकी को तैयार करने में 35,000 रुपये से अधिक का खर्च आया है। इसे बेहद आकर्षक बनाने के लिए बाहर से विशेष सजावटी सामान मंगवाए गए हैं, जबकि कई जरूरी चीजों की ऑनलाइन खरीदारी की गई है। नीम करोरी बाबा से जुड़े हर स्थान को बारीकी से उकेरा गया
झांकी के अंदर नीम करोरी बाबा के जीवन और उनकी साधना से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जगह को बहुत ही बारीकी और खूबसूरती के साथ उकेरा गया है। कारीगरों ने नीम करोरी बाबा का मुख्य मंदिर, उनकी पवित्र तप स्थली, ऐतिहासिक नीम करोरी रेलवे स्टेशन, वह रहस्यमयी गुफा जहां बाबा ध्यान लगाते थे, उनका जन्म स्थान और समाधि स्थल को हूबहू तैयार किया है। पंडाल में जैसे ही लाइटिंग और साउंड सिस्टम चालू होगा, तो श्रद्धालुओं को वास्तव में कैंची धाम में होने की अनुभूति होगी। झांकी में बहते पानी का झरना, कृत्रिम बादल, धुंध और आधुनिक रंग-बिरंगी लाइटों का संयोजन किया जा रहा है, जिससे इसकी भव्यता और अलौकिक सुंदरता कई गुना बढ़ जाएगी।
दर्शक बोले- अद्भुत पंडाल
दर्शन करने आएं प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा- यह पंडाल बहुत ही अद्भुत है। नीम करोरी बाबा से जुड़ी सभी चीजों को बहुत ही भव्यता से दिखाया गया है। इसे देखकर अगल ही अनुभूति हो रही है। जब पूरी तरह तैयार हो जाएगा हो जाएगा तो नजारा देखते बनेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)