गोरखपुर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन:'वोट चोर गद्दी छोड़' यात्रा निकाल विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी का जताया विरोध
राहुल गांधी के नेतृत्व में मंगलवार को विपक्षी सांसदों की ओर से चुनाव आयोग के घेराव और उसके बाद उनकी गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। गोरखपुर में देर शाम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कौड़ीराम में 'वोट चोर गद्दी छोड़, वोट बचाओ संविधान यात्रा' निकाली गई। इस प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और प्रभारी अभिषेक दत्त ने किया। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कौड़ीराम कस्बे के मुख्य रास्तों से गुजरती हुई इस यात्रा में भारी संख्या में आम जनता और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और झंडे लिए प्रदर्शनकारी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग कर रहे थे। आवाज दबाने की कोशिश कर रही सरकार
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। विपक्षी नेता जब जनता और लोकतंत्र के हक के लिए आवाज उठाते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है। चुनाव आयोग जैसी स्वायत्त संस्थाओं पर सवाल उठाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार पुलिस के दम पर आंदोलन को कुचलना चाहती है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक शुरुआत है। अगर सरकार का यही रवैया रहा, तो आंदोलन को गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले तक ले जाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। प्रदर्शन में जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं, युवा कार्यकर्ताओं और बड़ी तादाद में क्षेत्रीय निवासियों ने हिस्सा लेकर राहुल गांधी के प्रति अपना समर्थन जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)