ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत:सीतापुर में 11 साल का किशोर घायल, पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में लिए
सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा 11 वर्षीय बच्चा भी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के शव को विधिक कार्रवाई के लिए सीएचसी बिसवां भेजा गया, जहां पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, भोलागंज निवासी अजमत अली (22) पुत्र स्वर्गीय रहमत अली रात करीब 10 बजे बाइक से पुरैनी नहर पर पानी भरने के लिए जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ भोलागंज निवासी 11 वर्षीय मोहम्मद फैजान पुत्र मोहम्मद शमशाद भी सवार था। दोनों चमारन पुरवा मजरा पुरैनी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान बिसवां की ओर से आ रहे स्वराज 735 ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार अजमत अली गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार मोहम्मद फैजान को भी चोटें आईं। हालांकि उसकी हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को सीएचसी बिसवां भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शव का पंचायतनामा भरने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रैक्टर चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)