गोरखपुर में मिशन शक्ति में पहुंची 500 से अधिक महिलाएं:बोलीं- योगी सरकार में सम्मान मिला; CM ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
गोरखपुर में मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत आयोजित जागरूकता रैली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में 500 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। रैली के जरिए महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इसमें महिला पुलिसकर्मियों के साथ स्कूलों की शिक्षिकाओं और अन्य महिलाओं ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रैली में शामिल महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में नारी सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी देते हैं। रैली की अगुवाई गोरखपुर पुलिस की महिला बटालियन ने की। महिला पुलिसकर्मियों के नेतृत्व में निकली रैली में महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। रैली में शामिल महिलाओं का उत्साह देखते ही बना। महिलाओं ने मिशन शक्ति को समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। देखिए 3 तस्वीरें 'महिलाओं का स्वावलंबी और सशक्त होना जरूरी' दैनिक भास्कर से बातचीत में पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरिहरपुर की शिक्षिका रीना दुबे ने कहा कि आज के समय में महिलाओं का स्वावलंबी और सशक्त होना बेहद जरूरी है। मिशन शक्ति जैसी पहल महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह अच्छी पहल है, जो नारी शक्ति को बढ़ावा देने के साथ समाज की दूसरी महिलाओं को भी प्रेरित करेगी। रीना दुबे के मुताबिक, महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक होने के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। जब महिलाएं शिक्षित, जागरूक और आत्मविश्वास से भरपूर होंगी, तभी समाज में उनकी भागीदारी और मजबूत होगी। 'रैली का हिस्सा बनकर अच्छा लग रहा है' सहजनवां से आईं रूबी अग्रहरि ने कहा कि मिशन शक्ति की जागरूकता रैली का हिस्सा बनकर मुझे काफी अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर लगातार बात की है। समाज के हर क्षेत्र में नारी सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की जरूरत है। रूबी अग्रहरि ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को एक मंच पर लाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं। रैली के माध्यम से समाज में यह संदेश पहुंचता है कि महिलाओं का सम्मान, उनकी सुरक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सभी की जिम्मेदारी है। महिलाओं को जागरूक करने पर जोर मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना भी इसका उद्देश्य है। रैली में 500 से अधिक महिलाओं की भागीदारी ने महिला सशक्तीकरण के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया। महिला पुलिसकर्मियों और शिक्षिकाओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए पुलिस, शिक्षा जगत और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)