गोरखपुर में NCC कैडेट्स ने संभाली ट्रैफिक:नियम तोड़ने वालों को समझाया; SP ट्रैफिक ने बढ़ाया हौसला

Oct 13, 2026 - 14:22
0
गोरखपुर में NCC कैडेट्स ने संभाली ट्रैफिक:नियम तोड़ने वालों को समझाया; SP ट्रैफिक ने बढ़ाया हौसला
शहर के प्रमुख चौराहों पर मंगलवार को एक अलग नजारा देखने को मिला। आमतौर पर जहां ट्रैफिक पुलिस के जवान यातायात व्यवस्था संभालते नजर आते हैं, वहीं सुबह 11 बजे से NCC की महिला कैडेट्स ने ट्रैफिक संचालन की जिम्मेदारी संभाली। हाथों में यातायात संकेतों की कमान लेकर कैडेट्स ने न सिर्फ वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकलवाया, बल्कि लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया। इस दौरान पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान भी उनके साथ मौजूद रहे, ताकि यातायात संचालन में किसी तरह की परेशानी न हो। नवरात्र के दौरान मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस विशेष पहल का उद्देश्य महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ ही आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। कचहरी चौराहा, गणेश चौक, यातायात चौराहा और मोहद्दीपुर-पैडलेगंज चौराहे पर NCC की महिला कैडेट्स ने यातायात व्यवस्था संभाली। कैडेट्स ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने और निर्धारित पार्किंग में ही गाड़ियां खड़ी करने की अपील की। चौराहों पर तैनात कैडेट्स ने संभाली व्यवस्था मंगलवार सुबह 11 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर NCC की महिला कैडेट्स यातायात संचालन करती दिखाई दीं। उन्होंने चौराहों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के साथ ही लोगों को नियमों की जानकारी दी। कैडेट्स ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही वाहन चालकों को समझाया कि जल्दबाजी में गलत दिशा से वाहन निकालना या निर्धारित यू-टर्न का इस्तेमाल नहीं करना दुर्घटना का कारण बन सकता है। बाजारों में खरीदारी के दौरान सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से गाड़ियां खड़ी करने से भी जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में लोगों से निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील की गई। SP ट्रैफिक ने कचहरी चौराहे पर पहुंचकर बढ़ाया हौसला NCC कैडेट्स का उत्साह बढ़ाने के लिए SP ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव कचहरी चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने कैडेट्स के यातायात संचालन के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं को यातायात संचालन की जिम्मेदारी देकर लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नवरात्र के दौरान मिशन शक्ति के तहत विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया है। इसमें महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और NCC की महिला कैडेट्स को शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। इसका उद्देश्य यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ आम जनता तक नियमों की जानकारी पहुंचाना भी है। 'गलत दिशा में वाहन न चलाएं, निर्धारित पार्किंग में ही खड़ी करें गाड़ियां' दैनिक भास्कर से बातचीत में SP ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके साथ ही रॉन्ग साइड वाहन चलाने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में कई जगह लोग यू-टर्न लेने से बचने के लिए गलत दिशा में वाहन चलाने लगते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ती है और यातायात भी प्रभावित होता है। लोगों को निर्धारित यू-टर्न का ही इस्तेमाल करना चाहिए। SP ट्रैफिक ने बाजारों में बेतरतीब पार्किंग पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई लोग खरीदारी के दौरान अपनी गाड़ियां सड़क किनारे या दुकानों के सामने खड़ी कर देते हैं। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और जाम लगता है। लोगों को चाहिए कि वे करीब 100 से 200 मीटर की दूरी पर उपलब्ध निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करें और वहां से पैदल बाजार में जाकर खरीदारी करें। 'आज मिली जिम्मेदारी के लिए ट्रैफिक पुलिस का धन्यवाद' NCC कैडेट संध्या गॉड ने कहा, "मैं ट्रैफिक पुलिस का धन्यवाद करना चाहूंगी कि मुझे आज यह जिम्मेदारी मिली है। सुबह से हमारे अन्य साथी भी अलग-अलग चौराहों पर यातायात संचालन में लगे हुए हैं। मैं लोगों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक कर रही हूं।" उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का मौका मिला है। सड़क पर वाहन चलाने वाले लोगों को नियमों का पालन करते देखना और उन्हें इसके लिए प्रेरित करना उनके लिए अच्छा अनुभव है। NCC कैडेट बोली- आज सपना पूरा हुआ' NCC कैडेट वैष्णवी त्रिपाठी ने बताया कि यातायात संचालन की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए बेहद अच्छा अनुभव है। उन्होंने कहा, "हम लोग काफी दिनों से ऐसा करने के बारे में सोच रहे थे। आज वह सपना पूरा होता दिखाई दे रहा है। यहां काम करते हुए वास्तव में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन हम लोग इसके लिए तैयार हैं।" कैडेट्स ने कहा कि चौराहों पर यातायात संभालना जिम्मेदारी भरा काम है। इस दौरान वाहन चालकों से संवाद करना, उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखना सीखने का अवसर भी मिल रहा है। महिलाओं की भागीदारी के साथ यातायात जागरूकता पर जोर मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस अभियान में NCC की महिला कैडेट्स को यातायात संचालन की जिम्मेदारी देकर उन्हें व्यावहारिक अनुभव देने के साथ ही आम जनता तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवानों की मौजूदगी में कैडेट्स ने प्रमुख चौराहों पर व्यवस्था संभाली और वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया। अभियान के माध्यम से पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें, गलत दिशा में वाहन न चलाएं और निर्धारित पार्किंग में ही गाड़ियां खड़ी करें। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User