गोरखपुर समेत कई जिलों में प्रभारी-सह प्रभारी नियुक्त:MLC चुनाव से पहले सपा ने तेज की तैयारी; समीकरण जुटाने में लगी पार्टी

Oct 13, 2026 - 14:39
0
गोरखपुर समेत कई जिलों में प्रभारी-सह प्रभारी नियुक्त:MLC चुनाव से पहले सपा ने तेज की तैयारी; समीकरण जुटाने में लगी पार्टी
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी निर्वाचन को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के समर्थन में गोरखपुर समेत 12 जिलों में प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से 13 अक्टूबर को जारी संशोधित पत्र में नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें गोरखपुर जिले के लिए चार नेताओं को प्रभारी और सह प्रभारी बनाया गया है, जबकि गोरखपुर महानगर की जिम्मेदारी दो नेताओं को दी गई है। इससे पहले की सूची 8 को अक्टूबर को जारी हुई थी, जिसके बाद से 13 अक्टूबर को दोबारा संशोधित करके लिस्ट को जारी किया गया। पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, गोरखपुर में प्रहलाद यादव को प्रभारी बनाया गया है। धनंजय सिंह सैंथवार, मनुरोजन यादव और राजीव पांडेय को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, गोरखपुर महानगर में जियाउल इस्लाम को प्रभारी और कीर्तिनिधि पांडेय को सह प्रभारी बनाया गया है। 12 जिलों में नेताओं को मिली जिम्मेदारी सपा की संशोधित सूची में गोरखपुर के अलावा देवरिया, कुशीनगर, मऊ, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, महराजगंज और आजमगढ़ के जिला व महानगर अध्यक्षों को संबोधित किया गया है। पत्र में प्रत्याशी के पक्ष में सहयोग के लिए नेताओं को प्रभारी और सह प्रभारी नामित करने की जानकारी दी गई है। देवरिया में अब्दुल जब्बार सिद्दीकी को प्रभारी बनाया गया है। रजनीश यादव और कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष, वित्तविहीन संगठन उत्तर प्रदेश, मुमताज अली को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। कुशीनगर में पुरंदर प्रताप यादव प्रभारी और मोहम्मद आजम लारी सह प्रभारी बनाए गए हैं। मऊ में सूर्यभान यादव को प्रभारी, जबकि बस्ती में अर्जुन यादव को प्रभारी और चंद्रिका यादव को सह प्रभारी बनाया गया है। संतकबीरनगर में विनोद यादव को प्रभारी और सिराज अहमद को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। गोरखपुर में संगठनात्मक समन्वय पर रहेगा जोर गोरखपुर जिले और महानगर के लिए छह नेताओं को जिम्मेदारी दिए जाने से चुनावी गतिविधियों में स्थानीय संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। जिला स्तर पर प्रभारी और सह प्रभारी प्रत्याशी के समर्थन में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने का काम करेंगे। महानगर में भी अलग से जिम्मेदारी तय की गई है। शिक्षक एमएलसी चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए इन नेताओं को संगठन के स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। हालांकि, पत्र में प्रचार कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान या चुनावी बैठकों की तारीखों का उल्लेख नहीं किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने जारी की संशोधित सूची सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से 13 अक्टूबर को जारी संशोधित पत्र में नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनाव के मद्देनजर पार्टी की ओर से जिला स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने को संगठनात्मक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। अब इन पदाधिकारियों की भूमिका संबंधित जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने और प्रत्याशी के समर्थन में संगठन को सक्रिय रखने की होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User