गर्दन की दबी नस से था चेहरे पर असहनीय दर्द:बिना चीरा लगाए हुआ इलाज, SGPGI में मिली राहत

Sep 24, 2026 - 19:36
0
गर्दन की दबी नस से था चेहरे पर असहनीय दर्द:बिना चीरा लगाए हुआ इलाज, SGPGI में मिली राहत
चेहरे के तेज दर्द से परेशान दो महिलाओं का कई साल से न्यूरो की बीमारी समझकर इलाज चल रहा था। दवाओं के साथ एक महिला की सर्जरी भी हुई, लेकिन दर्द फिर लौट आया। SGPGI के पेन क्लिनिक में जांच हुई तो पता चला कि दर्द की असली वजह चेहरे की नस नहीं, बल्कि गर्दन में दबी नस है। डॉक्टरों ने बिना बड़ी सर्जरी के इलाज कर दोनों महिलाओं को राहत दी। बिजली के झटके जैसा दर्द, सर्जरी के बाद भी नहीं मिली राहत रायबरेली की 45 वर्षीय कमला देवी कई साल से चेहरे के एक तरफ तेज दर्द से परेशान थीं। दर्द बिजली के झटके जैसा होता था। खाना-पीना और बोलना भी मुश्किल हो गया था। कई अस्पतालों में इलाज कराया। उन्हें चेहरे की नस से जुड़ी बीमारी बताकर दवाएं दी गईं। एक बार सर्जरी भी हुई, लेकिन कुछ महीने बाद दर्द फिर शुरू हो गया। इसके बाद वह SGPGI के पेन क्लिनिक पहुंचीं। जांच में पता चला कि उनकी गर्दन में एक नस दबी हुई है। इसी वजह से चेहरे तक लगातार दर्द के संकेत पहुंच रहे थे। डॉक्टरों ने नाक के पीछे की एक नस पर पल्स्ड रेडियोफ्रीक्वेंसी की। इसके बाद उन्हें लंबे समय तक राहत मिली। कान और जबड़े के पास दर्द, जांच में दूसरी वजह सामने आई अयोध्या की 51 वर्षीय गीता पांडे को कान, जबड़े और कनपटी के आसपास एक तरफ दर्द रहता था। ठंडी हवा लगने, छूने या कुछ चबाने से दर्द बढ़ जाता था। उनका भी पहले चेहरे की नस से जुड़ी बीमारी समझकर इलाज किया गया, लेकिन स्थायी राहत नहीं मिली। SGPGI में जांच के बाद पता चला कि उन्हें कान के पास की नस में दर्द की समस्या है। इसकी वजह भी गर्दन में दबी नस से जुड़ी थी। डॉक्टरों ने कान के सामने वाली नस पर रेडियोफ्रीक्वेंसी प्रक्रिया की। इसके बाद वह सामान्य काम करने लगीं। बिना चीरा लगाए किया इलाज पेन क्लिनिक में दोनों महिलाओं का इलाज दो चरणों में किया गया। पहले अल्ट्रासाउंड की मदद से गर्दन में दबी नस के आसपास दवा का घोल डाला गया। इससे नस को मांसपेशियों की चिपकन से अलग किया गया। इसमें चीरा या टांका नहीं लगाया गया। इसके बाद चेहरे में दर्द पहुंचाने वाली नस पर पल्स्ड रेडियोफ्रीक्वेंसी की गई। इसमें नस को काटा या जलाया नहीं जाता। नियंत्रित तरंगों से नस की ज्यादा सक्रियता कम की जाती है। प्रक्रिया में करीब 15 से 20 मिनट लगते हैं और मरीज को उसी दिन घर भेज दिया जाता है। पेन क्लिनिक के प्रो.सुजीत गौतम ने कहा कि चेहरे का दर्द इलाज के बाद भी ठीक नहीं हो रहा है तो दोबारा जांच करानी चाहिए। ऐसे मरीज विशेषज्ञ पेन क्लिनिक में दिखा सकते हैं। पेन क्लिनिक: डी ब्लॉक, नवीन ओपीडी, कमरा नंबर 31 और 32। सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 से शाम 5 बजे तक और शनिवार सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User