हॉस्पिटल में हुई मौत के बाद संचालक पर मुकदमा:रुद्रा अस्पताल पर लापरवाही और मारपीट का आरोप, 5 नामजद सहित 35 से 40 अज्ञात पर FIR
कानपुर के कल्याणपुर के बरासिरोही स्थित रुद्रा अस्पताल में सड़क हादसे में घायल 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने, ऑपरेशन के नाम पर छह लाख रुपए जमा कराने के बावजूद ऑपरेशन नहीं करने और युवक की मौत के बाद मेडिकल फाइल व दवाइयों से संबंधित कागजात छीनने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। विवाद के दौरान परिजनों से मारपीट और बाद में सीएचसी कल्याणपुर में 30 से 35 लोगों के पहुंचकर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में कल्याणपुर पुलिस ने अस्पताल संचालक विपिन यादव, नवनित यादव समेत पांच नामजद और 35 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एसआई प्रिंस यादव को सौंपी गई है। पुलिस अस्पताल के उपचार संबंधी रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और घटना के दौरान मौजूद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मैथा के पास हादसे में घायल हुआ था युवक शिवली थाना क्षेत्र के हरिकिशनपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका चचेरा भाई प्रांशु (26) 30 सितंबर की रात करीब नौ बजे मोटरसाइकिल से मैथा के पास जा रहा था। इसी दौरान वह सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए बरासिरोही स्थित रुद्रा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। छह दिन इलाज के बाद 6.70 लाख मांगने का आरोप परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में करीब छह दिन तक प्रांशु का उपचार किया गया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से इलाज के लिए करीब 6.70 लाख रुपए की मांग की गई। परिवार का कहना है कि ऑपरेशन कराने के नाम पर उन्होंने करीब छह लाख रुपये अस्पताल में जमा भी कर दिए थे। इसके बावजूद युवक का ऑपरेशन नहीं किया गया और उसकी हालत बिगड़ती चली गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)