हाईकोर्ट बार चुनाव में उपाध्यक्ष पदों के 10,031मतपत्र गिने गए:शक्ति सिंह पुरुष उपाध्यक्ष, अन्नपूर्णा सिंह चंदेल महिला पद पर आगे रहीं
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 2026-27 की मतगणना के 15वें दिन शुक्रवार को उपाध्यक्ष पदों के 10,031 मतपत्रों की गिनती पूरी हुई। पुरुष उपाध्यक्ष के चार पदों पर शक्ति सिंह, आशुतोष पांडेय, अवनीश कुमार श्रीवास्तव और जितेंद्र सिंह ने क्रमशः पहला, दूसरा, तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया। वहीं, महिला उपाध्यक्ष के दो पदों पर अन्नपूर्णा सिंह चंदेल पहले और रंजना सिंह दूसरे स्थान पर रहीं। चुनाव समिति की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लाइब्रेरी हॉल में मतपत्र संख्या-4 की गिनती हुई। इसमें पुरुष उपाध्यक्ष के चार और महिला उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए पड़े मतों की गणना की गई। इसके साथ ही इन पदों की मतगणना पूरी हो गई। इसी क्रम में कार्यकारिणी सदस्य (पुरुष) के 10 पदों के लिए मतपत्र संख्या-6 की गिनती भी हुई। इसके तहत कुल 200 मतपत्रों की गणना की गई। यह प्रक्रिया पंडित केएन मिश्र अध्ययन कक्ष (न्यू कमेटी रूम) में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चली। उपाध्यक्ष पदों की मतगणना समाप्त होने के बाद कार्यकारिणी सदस्य पद के मतपत्रों की गिनती लाइब्रेरी हॉल में की गई। 10 अक्टूबर को मतगणना नहीं होगी
चुनाव समिति ने बताया कि 10 अक्टूबर को द्वितीय शनिवार और पितृ विसर्जन के कारण मतगणना स्थगित रहेगी। इसके बाद जारी कार्यक्रम के अनुसार कार्यकारिणी सदस्य (पुरुष) के 10 पदों के लिए मतपत्रों की गिनती दोबारा शुरू की जाएगी। चुनाव समिति ने इसके लिए 11 नवंबर की तारीख का उल्लेख किया है, हालांकि पत्र में दिन रविवार लिखा गया है। तारीख और दिन में अंतर होने के कारण मतगणना की अगली तारीख की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है। मतगणना के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एसएफए नकवी के साथ चुनाव अधिकारी वशिष्ठ तिवारी, राजकुमार शुक्ला, लक्ष्मीकांत मिश्र और अनुभव शुक्ला सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)