हाईटेंशन की चपेट में आने से दो मिस्त्री झुलसे:देवरिया में एल्युमिनियम की ग्रिल लगाते समय हादसा, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर

Oct 18, 2026 - 20:38
0
हाईटेंशन की चपेट में आने से दो मिस्त्री झुलसे:देवरिया में एल्युमिनियम की ग्रिल लगाते समय हादसा, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर
देवरिया में रविवार शाम करीब 4 बजे एल्युमिनियम की ग्रिल लगाते समय दो मिस्त्री 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार पहुंचाया गया। यहां से देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेज दिया। घटना गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव की है। ग्रिल लगाते समय बिजली के तार से टकराया एल्युमिनियम का रॉड गौरीबाजार थाना क्षेत्र के देवकुआं टोला बेलही निवासी मनीष (28) पुत्र प्रमोद प्रसाद और रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बलियवा गांव निवासी धनंजय (30) पुत्र रघुनाथ कनौजिया गौरीबाजार कस्बे की गुप्ता एल्युमिनियम दुकान पर काम करते हैं। रविवार को दोनों लबकनी गांव निवासी धीरेंद्र शर्मा के घर ग्रिल लगाने पहुंचे थे। शाम करीब 4 बजे काम के दौरान एल्युमिनियम का रॉड ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। इससे दोनों मिस्त्री करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। देवरिया से गोरखपुर रेफर किए गए दोनों दोनों घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों मिस्त्री करीब 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User