ई-रिक्शा पलटने से 4 साल की बच्ची की मौत:बदायूं में मथुरा हाइवे पर बाइक सवार को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा
बदायूं में बाइक सवार को बचाने के प्रयास में रविवार शाम 5.30 बजे ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार चार वर्षीय बच्ची की दबकर मौत हो गई, जबकि चालक और उसकी बहन घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर विमला हरि भगवान अग्रवाल इंटर कॉलेज के पास हुआ। जनपद संभल के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी सीमा पत्नी नरेंद्र रविवार को अपने भाई सूरजपाल के ई-रिक्शा से दवा लेने उझानी आई थी। साथ में चार साल की बेटी गुंजन भी थी। सूरजपाल उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव पालपुर का रहने वाला है और ई रिक्शा चलाता है। लौटते वक्त हाईवे पर कॉलेज के समीप अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा पलटते ही उसमें सवार लोग नीचे दब गए। हादसे में चार वर्षीय गुंजन की मौत हो गई, जबकि सूरजपाल और उसकी बहन सीमा घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे में जान गंवाने वाली गुंजन के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस हादसे से संबंधित जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)