हाथरस की कंपनी से 13 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप:672 टन बटर भेजने के बाद भुगतान रोकने का दावा; फर्जी लैब रिपोर्ट दिखाने का भी आरोप

Oct 05, 2026 - 22:52
0
हाथरस की कंपनी से 13 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप:672 टन बटर भेजने के बाद भुगतान रोकने का दावा; फर्जी लैब रिपोर्ट दिखाने का भी आरोप
हाथरस में हाथरस जंक्शन कोतवाली में करीब 13 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। सलेमपुर स्थित अल्फा मिल्क फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर इकबाल खान ने दुबई की एफएसएल ट्रेडिंग लिमिटेड और उसके डायरेक्टरों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कंपनी ने बटर की खेप लेने के बाद करीब 22.37 लाख अमेरिकी डॉलर का भुगतान रोक दिया और बाद में सेटलमेंट के नाम पर करीब 13.02 लाख डॉलर हड़प लिए। दुबई फूड एक्सपो में हुई थी मुलाकात इकबाल खान के मुताबिक फरवरी 2023 में दुबई में आयोजित वर्ल्ड फूड एक्सपो के दौरान उनकी मुलाकात एफएसएल ट्रेडिंग लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर दीपक धवन, उनकी पत्नी मंजुला धवन और बेटे दशरथ धवन से हुई थी। इसके बाद दोनों कंपनियों के बीच व्यापारिक संबंध शुरू हुए। वर्ष 2023 में छह टन और 2024 में 150 टन स्वीट क्रीमी बटर का कारोबार हुआ। दोनों मामलों में भुगतान समय से किया गया। 672 टन बटर सऊदी अरब भेजने का दावा आरोप है कि वर्ष 2025 में एफएसएल ट्रेडिंग लिमिटेड ने कुल 1899 टन बटर के अलग-अलग परचेज ऑर्डर दिए। इनमें चार अप्रैल से 25 जुलाई 2025 के बीच पांच ऑर्डर के तहत 28 कंटेनरों में 672 मीट्रिक टन बटर सऊदी अरब की अलमराई कंपनी को भेजा गया। इसकी कुल कीमत करीब 37.56 लाख अमेरिकी डॉलर बताई गई है। इसमें से 15.19 लाख डॉलर एडवांस के रूप में मिले, जबकि करीब 22.37 लाख डॉलर का भुगतान बकाया रह गया। फर्जी लैब रिपोर्ट दिखाकर भुगतान रोकने का आरोप अल्फा मिल्क फूड्स का आरोप है कि बटर सऊदी अरब पहुंचने के बाद एफएसएल ट्रेडिंग लिमिटेड ने यूरोफिन लैब की कथित फर्जी रिपोर्ट दिखाकर माल को डिफेक्टिव बताया और भुगतान रोक दिया। वहीं, हाथरस स्थित अल्फा मिल्क के प्लांट में इंटरटेक लैब से कराए गए परीक्षणों में बटर के सभी टेस्ट पास होने का दावा किया गया है। दुबई में माल बेचने का भी आरोप आरोप है कि भुगतान रोकने के बाद बटर को सऊदी अरब से दुबई ट्रांसफर कर दिया गया और वहां बेच दिया गया। इसके बाद कंपनी के डायरेक्टरों के 31 जनवरी 2026 को दुबई जाने पर उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। सेटलमेंट एग्रीमेंट कराकर रकम हड़पने का आरोप शिकायत के मुताबिक जून 2026 में दबाव बनाकर एक सेटलमेंट एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर कराए गए और करीब 13.02 लाख अमेरिकी डॉलर हड़प लिए गए। अब इकबाल खान ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और बकाया धनराशि की बरामदगी की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User