हाथरस मेला से लौटते समय ईको का एक्सीडेंट:बिजली का खंभा तोड़कर पेड़ से टकराई गाड़ी, 10 घायल

Sep 25, 2026 - 10:59
0
हाथरस मेला से लौटते समय ईको का एक्सीडेंट:बिजली का खंभा तोड़कर पेड़ से टकराई गाड़ी, 10 घायल
हाथरस में आयोजित दाऊजी मेले से लौट रहे युवकों की ईको गाड़ी शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा सहपऊ कोतवाली क्षेत्र में सादाबाद-जलेसर मार्ग पर महरारा चौराहे से आगे श्रीराम हॉस्पिटल के पास मोड़ पर हुआ। तेज रफ्तार ईको बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे हाईटेंशन बिजली के खंभे को तोड़ते हुए एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में एक किशोर समेत 10 युवक घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, नगला मेवा गांव के कुछ युवकों ने गुरुवार शाम हाथरस में चल रहे दाऊजी मेले में जाने का प्लान बनाया था। इसके लिए गांव की एक ईको गाड़ी किराए पर ली गई थी। गाड़ी में 14 वर्षीय अमित उर्फ टैंटा के साथ सनी, अंशु, दीपू, सतेंद्र, रवींद्र, विष्णु और चालक कृष्णा सवार थे। इनके अलावा सहपऊ निवासी यशपाल और कुछ अन्य युवक भी थे। सभी गुरुवार शाम ईको से हाथरस मेला देखने गए थे। मेला देखने के बाद शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे वे ईको से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी सादाबाद-जलेसर मार्ग पर महरारा चौराहे से आगे श्रीराम हॉस्पिटल के पास पहुंची, मोड़ पर अचानक ईको बेकाबू हो गई। देखते ही देखते वाहन सड़क किनारे खड़े हाईटेंशन बिजली के खंभे से जा टकराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा टूट गया और इसके बाद ईको पास खड़े पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में पेड़ भी टूट गया और ईको को भी बुरी तरह नुकसान हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को टूटे हुए वाहन से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने सभी घायलों का शुरुआती इलाज किया। हादसे में ईको चालक कृष्णा, 14 वर्षीय अमित, यशपाल और करन की हालत गंभीर बताई गई। उन्हें आगे के इलाज के लिए आगरा भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User