हाथरस में मेला श्री दाऊजी महाराज का समापन:छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

Oct 06, 2026 - 17:08
0
हाथरस में मेला श्री दाऊजी महाराज का समापन:छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
हाथरस में मेला श्री दाऊजी महाराज के समापन समारोह का आयोजन मेला पंडाल में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। इस दौरान रामचन्द्र कन्या इंटर कॉलेज और सुर्जोबाई गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर ब्रज संस्कृति, लोक परंपरा और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि दाऊजी महाराज का ऐतिहासिक एवं पौराणिक मेला जिले की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मेले का भव्य और सफल आयोजन प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों, आयोजकों, कलाकारों, व्यापारियों और आमजन के सामूहिक सहयोग व समन्वय का परिणाम है। डीएम बोले- कमियों का दस्तावेजीकरण कर अगले साल सुधार करेंगे जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मेले की सफलता में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, विभिन्न विभागों, आयोजकों, कलाकारों, पत्रकारों, सफाई कर्मचारियों और आमजन का सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि राजकीय मेले का दर्जा मिलने से इसे सांस्कृतिक गतिविधियों और जिले के विकास को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच मिला है। मेले की व्यवस्थाओं में सामने आई कमियों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा, ताकि आगामी वर्षों में उनमें सुधार किया जा सके। हाथरस की सांस्कृतिक पहचान के रूप में संरक्षित होगा मेला जिलाधिकारी ने कहा कि दाऊजी महाराज मेले को हाथरस की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के रूप में संरक्षित और प्रचारित किया जाएगा। समापन समारोह में मेले के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नामित संयोजक, अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ब्रज शरद माहेश्वरी, अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, ब्लॉक प्रमुख हाथरस पूनम पांडेय, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र और उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर सिंह मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User