हरदोई के रेलवे गंज में पीएनजी पाइपलाइन फटी:गैस रिसाव से मचा हड़कंप, पुलिस ने रास्ते बंद कराए
हरदोई शहर के प्रमुख और व्यस्त रेलवे गंज इलाके में प्रभु इलेक्ट्रॉनिक के पास सोमवार की सुबह 11:45 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की पाइपलाइन अचानक फट गई। तेज आवाज के साथ हुए गैस के रिसाव से आसपास के लोगों और दुकानदारों में दहशत फैल गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। यह हादसा उस समय हुआ जब विद्युत विभाग की ओर से इलाके में जेसीबी मशीन से खुदाई का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही गैस पाइपलाइन जेसीबी के पंजे की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटते ही उसमें से तेजी से गैस बाहर निकलने लगी, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल (फायर ब्रिगेड) की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। किसी भी संभावित अग्निकांड या बड़ी दुर्घटना को रोकने के लिए दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभाला, जबकि पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। सुरक्षा के कड़े कदम उठाते हुए पुलिस ने जिंदपीर चौराहे से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया। आम जनता की आवाजाही पर रोक लगा दी गई और सुरक्षा के लिहाज से आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया। रास्ते बंद होने से इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रिसाव रोकने के लिए मौके पर पहुंचे हादसे की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई, ताकि गैस रिसाव के कारण किसी चिंगारी से कोई बड़ा हादसा न हो सके। इसके साथ ही संबंधित पीएनजी कंपनी के अधिकारियों और तकनीशियनों को सूचना दी गई, जो मरम्मत और रिसाव रोकने के लिए मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने पर टिकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)