हरदोई के समदर्शी विक्रम सिंह बने IBISA इंडिया के CEO:जलवायु बीमा कारोबार का संभालेंगे जिम्मा, शुभचिंतकों ने दी बधाई

Oct 13, 2026 - 13:16
0
हरदोई के समदर्शी विक्रम सिंह बने IBISA इंडिया के CEO:जलवायु बीमा कारोबार का संभालेंगे जिम्मा, शुभचिंतकों ने दी बधाई
हरदोई शहर के निवासी समदर्शी विक्रम सिंह को लक्ज़मबर्ग की जलवायु बीमा प्रौद्योगिकी कंपनी IBISA ने भारत का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। कंपनी ने 12 अक्टूबर सोमवार डी रात्रि 11 बजे उनकी नियुक्ति की घोषणा की। नई जिम्मेदारी में वह भारत में कंपनी की रणनीति तैयार करने, कारोबार का विस्तार करने और बीमा कंपनियों, पुनर्बीमा संस्थाओं तथा वितरण साझेदारों के साथ सहयोग बढ़ाने का काम करेंगे। समदर्शी विक्रम सिंह को कृषि बीमा, पुनर्बीमा और पैरामीट्रिक बीमा के क्षेत्र में 18 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत HDFC ERGO से की थी। इसके बाद Generali Central Insurance में काम किया। अपने पेशेवर सफर के दौरान उन्होंने बीमा हामीदारी, उत्पाद विकास, जोखिम प्रबंधन और नए बीमा समाधानों को विकसित करने जैसे क्षेत्रों में अनुभव हासिल किया। IBISA में उनकी प्राथमिकता कृषि क्षेत्र के साथ छोटे एवं मध्यम उद्यमों, ऋण और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे जलवायु जोखिम से प्रभावित क्षेत्रों में बीमा सेवाओं का विस्तार करना होगा। कंपनी का उद्देश्य ऐसे क्षेत्रों तक बीमा सुरक्षा पहुंचाना है, जहां मौसम और जलवायु से जुड़े जोखिम कारोबार तथा आजीविका को प्रभावित करते हैं। कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सह-संस्थापक मारिया मातेओ के अनुसार, भारत IBISA की विकास रणनीति का प्रमुख बाजार है। कंपनी बीमा और पुनर्बीमा संस्थाओं के साथ साझेदारी बढ़ाकर पैरामीट्रिक बीमा की पहुंच मजबूत करना चाहती है। इस बीमा व्यवस्था में पहले से तय मौसम संबंधी संकेतकों या घटनाओं के आधार पर भुगतान निर्धारित किया जाता है। कंपनी वर्ष 2019 से भारत में सक्रिय है। उसके ‘उष्मा कवच’ उत्पाद के जरिए डेयरी क्षेत्र से जुड़े करीब एक लाख किसानों तक पहुंच बनाई गई है। समदर्शी विक्रम सिंह ने कहा कि भारत में पारंपरिक बीमा के साथ पैरामीट्रिक समाधान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इनके जरिए पारदर्शिता, दावों के तेज निपटान और बेहतर ग्राहक अनुभव को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने बीमा कंपनियों, पुनर्बीमा संस्थाओं, दलालों और वितरण साझेदारों के साथ मिलकर इन समाधानों का विस्तार करने की प्रतिबद्धता जताई। समदर्शी की शिक्षा हरदोई, बरेली और गुरुग्राम में हुई। उन्होंने सेंट जेम्स स्कूल, हरदोई से प्रारंभिक शिक्षा, मानस स्थली, बरेली से 12वीं, जीडीसी हरदोई से बीएससी और यूपीईएस, गुरुग्राम से एमबीए किया। उनके पिता राघवेंद्र विक्रम सिंह अधिवक्ता थे और माता लता सिंह हैं। उनकी बहन नंदनी सिंह ऑस्ट्रेलिया में कार्यरत हैं। नियुक्ति की खबर पर उनके बचपन के मित्रों रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने बधाई दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User