हरदोई में 5 किलो चांदी लूट का खुलासा:सर्राफा कारोबारी से लूट के 4 आरोपी गिरफ्तार; चालक ने रची थी साजिश, 2 बदमाश मुठभेड़ में घायल
हरदोई के शाहाबाद में लखनऊ के सर्राफा कारोबारी से 5 किलो चांदी लूटने की वारदात का पुलिस ने गुरुवार देर रात करीब 2 बजे खुलासा किया। शाहाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2.25 किलो लूटी गई चांदी, दो .315 बोर के तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बजरी प्लांट के पास कार रोककर लूटा था चांदी का बैग पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर को लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी सर्राफा कारोबारी हृदयराम सोनी चालक करन के साथ वैगनआर कार से शाहजहांपुर गए थे। उनके पास 17.5 किलो चांदी थी, जिसे दो बैगों में रखा गया था। वापसी के दौरान शाहाबाद क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास स्विफ्ट डिजायर सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर कारोबारी की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद हथियारों के बल पर 5 किलो चांदी से भरा एक बैग लूटकर फरार हो गए। चालक ही निकला साजिश का मास्टरमाइंड पुलिस की जांच में कारोबारी के चालक करन की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, करन रास्ते में लगातार फोन पर बात कर रहा था। पूछताछ में उसने इंटरनेट कॉलिंग के जरिए साथियों को कारोबारी के रूट, समय और चांदी की जानकारी देने की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक, करन ने ही लूट की साजिश रची थी और अपने साथियों को वारदात के लिए तैयार किया। लूट के दौरान बदमाशों ने चालक करन के साथ भी मारपीट का नाटक किया था, ताकि उसकी भूमिका पर किसी को शक न हो। बाईपास पर घेराबंदी, फायरिंग के बाद दो बदमाशों को लगी गोली पुलिस के मुताबिक, बीती रात मुखबिर की सूचना पर शाहाबाद बाईपास पर बिना नंबर की संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुशील यादव निवासी सिधौली, बाराबंकी, हाल पता डूडा कॉलोनी ठाकुरगंज, लखनऊ और विमल यादव निवासी लीलाखेड़ा, दुबग्गा, लखनऊ के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इनके अलावा अमन निवासी बनियाखेड़ा, दुबग्गा और चालक करन निवासी गऊघाट, ठाकुरगंज को भी गिरफ्तार किया गया। दो आरोपी अंधेरे में भागे, पुलिस दे रही दबिश पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर लूट में शामिल अन्य लोगों और बरामदगी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)