हरदोई में 622 जोड़ों का सामूहिक विवाह:सीएसएन पीजी कॉलेज में मंत्री नितिन अग्रवाल ने बरसाए फूल
हरदोई में सीएसएन पीजी कॉलेज परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 622 जोड़ों का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया। समारोह में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, डीएम राहुल पांडेय और सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम दोपहर करीब 12 बजे शुरू होकर 3:30 बजे तक चला। गरीब परिवारों की बेटियों को सम्मान से विवाह का अवसर समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी सम्मान और भव्यता के साथ कराई जा रही है। इससे समाज में समरसता, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा मिल रहा है। एक जोड़े पर खर्च किए जा रहे एक लाख रुपए मंत्री ने बताया कि सरकार इस योजना के तहत प्रति जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च कर रही है। इसमें 64 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। वहीं, 21 हजार रुपये मूल्य की वैवाहिक सामग्री नवदंपती को दी जाती है और 15 हजार रुपये आयोजन व व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं। नवदंपती को दिए गए घरेलू उपयोग के उपहार आयोजन में सभी नवविवाहित जोड़ों को जीवनोपयोगी वैवाहिक उपहार दिए गए। इनमें वस्त्र, डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, दीवार घड़ी, कढ़ाई, वाटर कूलर केज, आयरन प्रेस, सीलिंग फैन, डबल बेडशीट और पिलो कवर, कंबल, गद्दे, तकिया, सिन्होरा, कांच की चूड़ियां, लाख के कंगन, वैनिटी किट, स्टील का डिब्बा और चकला-बेलन शामिल रहे। विवाह संपन्न होने के बाद नवदंपती खुशी से झूमते नजर आए। कई जोड़े एक-दूसरे के साथ सेल्फी लेते और वीडियो बनाते दिखे। माता-पिता और रिश्तेदारों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम में एसडीएम सदर गुलाब चंद्र, समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव, बीडीओ बावन डॉ. राम प्रकाश समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)