हरदोई में बाजार से दो सगी बहनें गायब:कछौना में 14 साल की किशोरी का अपहरण, दोनों थानों में कुल 4 आरोपियों पर केस
हरदोई के कछौना और पाली थाना क्षेत्रों में नाबालिग किशोरियों के गायब होने के दो अलग-अलग सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाजार गई दो सगी किशोरियों के अचानक रहस्यमय तरीके से गायब हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं कछौना क्षेत्र में भी एक अन्य 14 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने दोनों मामलों में गंभीर धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कछौना कोतवाली में रविवार देर शाम 6:21 पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत 3 अक्टूबर दिन में करीब 11 बजे परिवार की दो सगी बहनें (उम्र करीब 17 वर्ष और 16 वर्ष) बाजार में सामान खरीदने के लिए आई थीं। आरोप है कि इसी दौरान विपिन पुत्र मदन पाल और उसके साथी सौरव जाटव दोनों किशोरियों को अपनी बातों में बहला-फुसलाकर भगा ले गए। परिजनों द्वारा काफी तलाश और फोन से संपर्क करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो थाने में तहरीर दी गई। इस संबंध में पाली थाने में रविवार दोपहर 12:39 बजे अपहरण और शादी का झांसा देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इसी तरह दूसरा मामला कछौना कोतवाली क्षेत्र का है, जहां 2 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे लगभग 14 वर्ष की एक किशोरी को आमिर पुत्र इस्लाम द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप है। जब पीड़ित परिवार ने तलाश शुरू की, तो आरोपी पक्ष की ओर से धमकियां मिलने लगीं। आरोप है कि आरोपी के सगा भाई कामिल (जो लुधियाना में रहता है) ने परिवार को जान-माल की धमकी दी। इस मामले में कछौना कोतवाली में रविवार देर शाम अपहरण और आपराधिक धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है और किशोरियों की सकुशल बरामदगी के साथ-साथ आरोपियों की धरपकड़ के लिए तलाश तेज कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)