हरदोई में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन:कांग्रेस जिला कार्यालय का घेराव, सांसद प्रो. बिमोल अकोइजम के इस्तीफे की मांग
हरदोई में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की छात्राओं की शिकायतों से जुड़े मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार शाम 4:30 बजे कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस जिला कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया और कांग्रेस सांसद प्रो. बिमोल अकोइजम के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जेएनयू की 11 छात्राओं की शिकायतों से जुड़ा प्रकरण गंभीर है। इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि शिकायत करने वाली छात्राओं को न्याय मिल सके।
महिला मोर्चा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसके राजनीतिक पद या प्रभाव के आधार पर जवाबदेही से ऊपर नहीं रखा जाना चाहिए। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की बात करने वाले राजनीतिक दलों को ऐसे मामलों में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करने और संबंधित सांसद की नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। ऐसे मामलों में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। महिला मोर्चा ने छात्राओं की शिकायतों पर न्याय सुनिश्चित करने और मामले में स्पष्ट रुख अपनाने की मांग दोहराई। प्रदर्शन में कीर्ति सिंह, अनुराधा मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष अल्का गुप्ता, जिला मंत्री दीपा विश्वास, अदिति कुशवाहा, नीतू चंद्रा, निधि सिंह, शोभना सिंह, रीना गुप्ता, बाबी ओमर और परिषा तिवारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)