हरदोई में एसपी ने पुलिस बल के साथ निकाला पैदल-मार्च:व्यापारियों को CCTV चालू रखने के निर्देश, पूजा पंडालों और शोभायात्राओं की सुरक्षा पर रहेगी नजर
हरदोई में शारदीय नवरात्र, दशहरा और दीपावली को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे एसपी अशोक कुमार मीणा भारी पुलिस बल के साथ शहर की सड़कों पर उतरे। उन्होंने प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही व्यापारियों को दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए। एसपी ने सीओ सिटी अजीत चौहान और शहर कोतवाल संजय त्यागी समेत पुलिसकर्मियों के साथ पैदल मार्च किया। इसकी शुरुआत अटल चौक से हुई। पुलिस बल बड़ा चौराहा और सिनेमा चौराहा होते हुए जिंदपीर चौराहे तक पहुंचा। इस दौरान प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस ने गश्त के जरिए आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही अराजक तत्वों को त्योहारों के दौरान शांति भंग करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। व्यापारियों को सीसीटीवी चालू रखने के निर्देश पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में व्यापारियों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्हें दुकानों और प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सड़क किनारे अतिक्रमण को लेकर भी हिदायत दी। स्पष्ट किया कि निर्देशों के बावजूद अतिक्रमण जारी रखने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूजा पंडालों और शोभायात्राओं पर रहेगी नजर एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए थाना स्तर पर बैठकें की जा चुकी हैं। दुर्गा पूजा पंडालों, मूर्ति स्थापना और शोभायात्राओं के आयोजकों से भी संवाद किया गया है। सभी अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को नियमित रूप से पैदल गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों में सक्रिय रहेंगी मिशन शक्ति की टीमें महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड और मिशन शक्ति की टीमें बाजारों, पूजा पंडालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सक्रिय रहेंगी। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करेगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)