हरदोई में घर से लाखों की चोरी:12 लाख के सोने-चांदी के जेवर ले गए चोर, 4 महीने बाद बेटी की शादी
हरदोई के देहात कोतवाली थानाक्षेत्र के लालतापुरवा मोहल्ला महोलिया शिवपार में 8 अक्टूबर, बुधवार की देर रात चोरों ने रामसनेही के घर को निशाना बनाया। चोर घर में दाखिल हुए और करीब 10 से 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। बताया गया कि रामसनेही निजी काम से रिश्तेदारी में शाहजहांपुर गया हुआ था। घर में उसकी पत्नी नेहा, दो बच्चे और बहन की बेटी मौजूद थी। रात करीब 1:30 बजे से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर घर में घुसे। नेहा के मुताबिक, वह बच्चों के साथ मकान के ऊपर बने दूसरे कमरे में सो रही थी। इसी दौरान चोरों ने कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद चोर नीचे के कमरे में पहुंचे और वहां रखे बक्से को खंगालकर उसमें रखे जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़िता के अनुसार चोरी हुए सामान में करीब डेढ़ तोले का सोने का हार, डेढ़ तोले की सोने की चेन, दो सोने के झाले, दो सोने की अंगूठियां, सोने का मंगलसूत्र, मांगवेदी, सोने की नथुनी और दो छोटी सोने की बालियां शामिल हैं। इसके अलावा एक जोड़ी भारी चांदी की पायल, दो हल्की पायल और बच्चों की दो जोड़ी चांदी की पायल भी चोरी हुई हैं। चोर करीब 20 चांदी के सिक्के, पांच हजार रुपये नकद, करीब आधा किलो वजन की चांदी की थाली और चाभियों का गुच्छा भी ले गए। पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपये बताई है। वारदात के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द चोरों का पता लगाकर चोरी गया सामान बरामद कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)