हरदोई में कक्षा-7 की छात्रा बनी एक-दिन की BSA:मिशन शक्ति के तहत संभाली कमान, प्रशासनिक बारीकियों को समझा
हरदोई में 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) बावन की कक्षा 7 की छात्रा गुड़िया पाल को मंगलवार के दोपहर करीब 12:30 बजे एक दिन के लिए प्रतीकात्मक रूप से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) बनाया गया। यह पहल महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए है। कार्यालय पहुँचने पर हरदोई के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा ने गुड़िया पाल का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने छात्रा को बेसिक शिक्षा विभाग की संपूर्ण कार्यप्रणाली, विभागीय संरचना तथा एक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रमुख प्रशासनिक एवं सामाजिक दायित्वों से विस्तार से अवगत कराया। एक दिन की BSA की भूमिका निभाते हुए गुड़िया पाल ने कार्यों को बहुत करीब से देखा और समझा। उसने विभागीय फाइलों, पत्रावली और शासकीय पत्रों का गहन अवलोकन किया। इसके साथ ही जनसुनवाई की प्रक्रिया, विद्यालयों की निरीक्षण प्रणाली, शिक्षकों व विद्यार्थियों से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक प्रक्रियाओं को गहराई से जाना। प्रक्रियाओं को जानने में उत्साह दिखाया दिन भर चले इस प्रशासनिक अनुभव के दौरान गुड़िया पाल ने अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ समझा और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को जानने में गहरा उत्साह दिखाया। यह अनूठा और व्यावहारिक अनुभव उसके भीतर नेतृत्व क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक समझ विकसित करने का एक अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम बना। बालिकाओं को इस तरह की प्रशासनिक जिम्मेदारियाँ सौंपकर उन्हें सीधे नेतृत्व का अनुभव देना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और उनके भविष्य के सपनों को एक मजबूत आधार प्रदान करना ही 'मिशन शक्ति' अभियान की वास्तविक और सार्थक सफलता है। यह पहल अन्य बालिकाओं को भी आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)