हरदोई में फल विक्रेता को कोतवाली गेट पर पीटा, VIDEO:शराब पीने से मना करने पर 15-20 लोगों ने घेरा, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

Oct 10, 2026 - 23:57
0
हरदोई में फल विक्रेता को कोतवाली गेट पर पीटा, VIDEO:शराब पीने से मना करने पर 15-20 लोगों ने घेरा, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
हरदोई में शराब पीने से मना करने पर फल विक्रेता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने पहले ठेले पर फल विक्रेता नन्हे गुप्ता के साथ मारपीट की। इसके बाद वह शिकायत लेकर कोतवाली शहर पहुंचे तो गेट पर ही 15 से 20 लोगों ने उन्हें घेरकर पीट दिया। घटना में घायल नन्हे को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कोतवाली गेट पर हुई मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। नन्हे गुप्ता पुत्र सत्यपाल गुप्ता कोतवाली देहात क्षेत्र के बढ़ेयन पुरवा के निवासी हैं। वह कोतवाली शहर क्षेत्र में डीएम चौराहे पर बैंक ऑफ इंडिया के सामने, एएसपी आवास के पास फल का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। 15 दिन पहले शराब पीने से किया था मना पीड़ित नन्हे के मुताबिक, आजादनगर निवासी राजेश गुप्ता अपने साथियों के साथ उनके ठेले पर जूस पीने आता था। आरोप है कि जूस पीने के दौरान ये लोग वहां खुले में शराब भी पीते थे। करीब 15 दिन पहले नन्हे ने ठेले पर शराब पीने से मना करते हुए उन्हें दूसरी जगह जाने के लिए कहा था। इस बात से नाराज होकर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी थी। कोतवाली गेट पर घेरकर पीटा पीड़ित के अनुसार, शनिवार 10 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे आरोपी दोबारा ठेले पर पहुंचे। शराब पीने का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद नन्हे ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। वह शिकायत दर्ज कराने के लिए कोतवाली शहर पहुंचे और वहां प्रार्थनापत्र लिखवाया। आरोप है कि इसी दौरान 15 से 20 लोगों ने कोतवाली के गेट पर उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। पिटाई करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल नन्हे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ आरोपी गिरफ्तार कोतवाली गेट पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। इंस्पेक्टर संजय त्यागी ने बताया कि घटना में शामिल कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User