हरदोई में सांड से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत:पीछे बैठा चचेरा भाई झाड़ियों में जा गिरा, मझिला थाना में हुआ हादसा
हरदोई के मझिला थाना क्षेत्र में आलमनगर पुलिस चौकी के पास शनिवार देर शाम करीब 7 बजे आवारा सांड से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 27 वर्षीय मजदूर सर्वेश की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उसके चचेरे भाई लालाराम को मामूली चोटें आईं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रविवार दोपहर करीब 1 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जानकारी के अनुसार, मझिला थाना क्षेत्र के भोगियापुर मजरा चैंना निवासी 27 वर्षीय सर्वेश पुत्र रामचंद्र मजदूरी करते थे। शनिवार को वह अपने चचेरे भाई लालाराम के साथ करावां गांव मजदूरी करने गए थे। काम खत्म होने के बाद दोनों देर शाम बाइक से अपने घर लौट रहे थे। लालाराम के मुताबिक, दोनों जब आलमनगर पुलिस चौकी के पास पहुंचे तो अचानक सड़क पर घूम रहा एक सांड सामने आ गया। बाइक सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लालाराम उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे, जबकि सर्वेश सड़क पर गिर गए। सिर में गंभीर चोट, रास्ते में हुई मौत सड़क पर गिरने से सर्वेश के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। हादसे के बाद लालाराम ने राहगीरों की मदद से सर्वेश को बेहोशी की हालत में नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसिगवां पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में सर्वेश की मौत हो गई। सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे सर्वेश सर्वेश चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके पिता रामचंद्र की पहले ही मौत हो चुकी है। सर्वेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी मां चंद्रावती, पत्नी संगीता और तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। सर्वेश अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया घटना की सूचना मिलने पर मझिला थाना पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रविवार दोपहर करीब 1 बजे पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)