हरदोई में सोहन पापड़ी निर्माण केंद्र पर छापा:गंदगी मिलने पर लाइसेंस निलंबित, 5 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए; काम रोका
हरदोई में दशहरा और दीपावली को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने चेकिंग अभियान शुरू किया है। बुधवार शाम 5 बजे सहायक आयुक्त खाद्य-II कुमार गुंजन के निर्देशन में टीम ने हरदोई सदर के बैरैया पुरवा स्थित विपिन गुप्ता के सोहन पापड़ी निर्माण केंद्र पर छापा मारा। विभागीय टीम के मुताबिक, यहां गंदगी के बीच खाद्य पदार्थों का निर्माण किया जा रहा था। मानकों का पालन नहीं मिलने पर निर्माण प्रक्रिया रोकते हुए प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। पैकेट पर नहीं थी जरूरी जानकारी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंची टीम को निर्माणशाला में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के शेड्यूल-4 का पालन नहीं मिला। खाद्य पदार्थों के पैकेट और पात्रों पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि और बेस्ट बिफोर जैसी जरूरी जानकारियां भी दर्ज नहीं थीं। विभाग ने मौके से सोहन पापड़ी, बेसन, बूंदी, मैदा और पाम ऑयल के पांच नमूने लिए। इन्हें विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। सोहन पापड़ी और अन्य सामग्री सीज कार्रवाई के दौरान 335 किलो सोहन पापड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 3 हजार 850 रुपए बताई गई है, 102 किलो बेसन, जिसकी कीमत 15 हजार 300 रुपए बताई गई, और बूंदी समेत अन्य खाद्य सामग्री सीज की गई। इसके अलावा मौके पर मिली एक्सपायरी, सड़ी और फंगस लगी असुरक्षित सामग्री को नष्ट कराया गया। विभाग के मुताबिक करीब तीन कुंतल सड़ी सोहन पापड़ी, एक कुंतल खराब नमकीन, करीब डेढ़ कुंतल सड़ी सूजी व फंगस लगा बेसन तथा तीन कुंतल खराब अरारोट और मैदा मौके पर ही नष्ट कराया गया। त्योहारों को लेकर अभियान जारी रहेगा खाद्य विभाग ने बताया कि दशहरा और दीपावली को देखते हुए मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। छापेमार टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश, अनुराग सिंह और चित्रसेन शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)