संभल में दामाद पर सास ने ब्लेड से हमला किया:पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था युवक, गले में गंभीर चोट लगने पर हायर सेंटर भेजा
सम्भल में सदर कोतवाली क्षेत्र के देहली दरवाजा इलाके में गुरुवार शाम 6 बजे पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे युवक के गले पर चोट लगने का मामला सामने आया है। घायल शाहनवाज के परिजनों ने उसकी सास पर ब्लेड से हमला करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने आरोप को खारिज करते हुए युवक पर खुद अपने गले पर ब्लेड से चोट पहुंचाने का दावा किया है। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल की मां के अनुसार, शाहनवाज का पिछले दो दिनों से अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। विवाद उसकी मां को घर बुलाने की बात को लेकर हुआ था। मां का कहना है कि इसी विवाद के बाद उसकी बहू नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। घायल की मां के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे शाहनवाज अपनी पत्नी को लेने उसके ससुराल गया था। वहां उसकी सास यासमीन से विवाद हो गया। मां का आरोप है कि इसी दौरान यासमीन ने ब्लेड से शाहनवाज के गले पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से बताया गया कि यासमीन ने शाहनवाज के गले पर ब्लेड से हमला नहीं किया। दूसरे पक्ष का दावा है कि विवाद के दौरान शाहनवाज ने खुद ही ब्लेड से अपने गले पर चोट पहुंचाई। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। घटना के बाद घायल के परिजनों के अनुसार, शाहनवाज को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच में दोनों पक्षों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)