हरदोई में सपा की बैठक में दिखे यदुनंदन वर्मा:6 महीने पहले पार्टी ने किया था निष्कासित, शराफत अली के बगल में बैठे नजर आए
हरदोई में समाजवादी पार्टी की सियासत में एक तस्वीर ने फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। भगवान राम और माता कौशल्या पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद पार्टी से निष्कासित किए गए यदुनंदन लाल वर्मा अब सपा कार्यालय की बैठक में नजर आए हैं। 1 अक्टूबर को शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी सुशील कुमार को लेकर आयोजित बैठक में यदुनंदन वर्मा सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शराफत अली के ठीक बगल में बैठे दिखाई दिए। तस्वीर 4 अक्टूबर को सामने आने के बाद पार्टी में उनके निष्कासन और संभावित वापसी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। मार्च में विवादित टिप्पणी के बाद हुआ था निष्कासन मार्च में यदुनंदन लाल वर्मा का भगवान राम और माता कौशल्या को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी वाला वीडियो सामने आया था। इसके बाद विवाद बढ़ गया था। 27 मार्च को हरपालपुर क्षेत्र से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उनके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इसके अगले दिन 28 मार्च को सपा ने यदुनंदन लाल वर्मा की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करने की कार्रवाई की थी। उस समय तत्कालीन जिलाध्यक्ष शराफत अली ने भी बयान की निंदा करते हुए पार्टी से दूरी बनाने की बात कही थी। शराफत अली खुद हालिया विवाद के केंद्र में यदुनंदन के साथ तस्वीर में नजर आ रहे शराफत अली भी इन दिनों एक विवाद को लेकर चर्चा में हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा को लेकर उनके कथित बयान का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा और अन्य संगठनों ने विरोध किया था। इसके बाद शराफत अली के खिलाफ शहर कोतवाली में एससी-एसटी एक्ट और आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। शराफत अली ने बाद में सफाई देते हुए कहा था कि प्रेमावती उनकी बहू हैं और उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं था। उन्होंने अपने शब्द वापस लेने की बात भी कही थी। हालांकि, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुराने विवाद की भी रही चर्चा शराफत अली इससे पहले भी महिला नेताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोपों को लेकर विवाद में रहे हैं। उस समय वायरल वीडियो को लेकर उन्होंने आरोपों से इनकार करते हुए उसे एडिटेड बताया था। यह मामला पार्टी नेतृत्व तक पहुंचा था और हरदोई की सपा जिला कार्यकारिणी भंग किए जाने की बात सामने आई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)