हरदोई में सरकारी काम के दौरान लेखपाल पर हमला:बेल्ट से पीटने और जान से मारने की धमकी का आरोप, केस दर्ज
हरदोई जनपद के सांडी थाना क्षेत्र में सरकारी काम कर रहे एक लेखपाल ने आरोपी पर मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी दस्तावेज छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित लेखपाल का दावा है कि फर्जी फॉर्म फीड करने से मना करने पर आरोपी ने उन पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए बेल्ट से हमला कर दिया। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट सहित गंभीर धाराओं में शुक्रवार की रात 8:14 बजे मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, सवायजपुर तहसील में कार्यरत लेखपाल हरेराम कृषि निवेश फॉर्म की ऑनलाइन फीडिंग कराने बरण्डारी स्थित जन सेवा केंद्र गए थे। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान हरिवंशापुर निवासी ऋषी कुमार राजपूत उर्फ 'राका' वहां आ पहुंचा और अभद्रता करने लगा। लेखपाल का दावा है कि आरोपी राका उन पर फसल नुकसान को लेकर हरिवंशापुर सीशाला क्षेत्र के फॉर्म भी जबरन फीड करने का नाजायज दबाव बना रहा था, जबकि उस गांव में फसल नुकसान की श्रेणी में नहीं थी। पीड़ित का आरोप है कि नियमों का हवाला देकर जब लेखपाल ने मना किया, तो विवाद बढ़ गया। पीड़ित का आरोप है कि क्षुब्ध होकर आरोपी ने जातिसूचक अपशब्द कहे और कमर से बेल्ट निकालकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों द्वारा बीच-बचाव करने पर किसी तरह बचाव हुआ। सरकारी फॉर्म छीनकर भाग निकला आरोप है कि जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी फॉर्म छीनकर भाग निकला। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा पहुँचाने, मारपीट, अपमान करने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)