हरदोई में उफनाई नदियों ने बढ़ाई मुश्किलें:हजारों लोग प्रभावित, संपर्क मार्ग डूबे, बच्चों की पढ़ाई पर असर
हरदोई में बढ़ रहे जलस्तर के कारण जिले में बाढ़ और जलभराव की स्थिति गंभीर है। गंगा, रामगंगा, गर्रा, सई और गोमती नदियां उफनाई हुई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। इन नदियों का पानी गांवों और घरों के अंदर तक पहुंच चुका है, जिसके चलते हजारों की आबादी संकट के साये में जीने को मजबूर है। जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों के संपर्क मार्ग जलमग्न हो चुके हैं और रास्तों पर तेज बहाव के कारण आवागमन बाधित है। हालात यह हैं कि लोगों को एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए नाव का सहारा लेने पर मजबूर होना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, अभिभावकों और आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बिलग्राम क्षेत्र में नदियों के उफान के चलते स्थिति और भी विकट हो गई है। राइजिंग पुरवा, चिरंजू पुरवा, गुलाब पुरवा, बगिया पुरवा, मक्कू पुरवा और राजघाट आदि गांवों में बाढ़ का पानी भर जाने से लोग बुरी तरह परेशान हैं। बाढ़ के इस दौर में लोगों को खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर अपने जीविकोपार्जन तक के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। इसके अलावा, पशुओं के लिए चारे और घरों में सूखे ईंधन का भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस सालाना आपदा से जूझ रहे स्थानीय ग्रामीणों ने अपना दर्द बयां किया है। चिरंजू पुरवा के निवासी रामप्रकाश ने बताया कि हर साल आने वाली बाढ़ ने उनके परिवार की तरक्की को बुरी तरह प्रभावित किया है और इस दौरान भोजन के लिए भी दूसरों पर आश्रित रहना पड़ता है। वहीं, मक्कू पुरवा के निवासी कमल ने साझा किया कि बाढ़ के पानी के कारण बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह हाशिये पर चली जाती है, क्योंकि स्कूल बंद कर दिए जाते हैं। पीड़ितों को हरसंभव मदद पहुंचाई प्रशासन की तरफ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्रियां वितरित करने के साथ ही पीड़ितों को हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है। किसी भी आपात स्थिति या त्वरित सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबरों पर संपर्क करने की अपील की गई है, ताकि समय रहते राहत पहुंचाई जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)