हरदोई में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत:मायके वालों ने कहा- पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर करेंगे कार्रवाई
हरदोई में बघौली थाना क्षेत्र के सारीपुर गांव में सोमवार की सुबह 6 बजे 25 वर्षीय विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में आंगन में बेहोश पाई गई। परिजन आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें सुबह 8:01 बजे मृत घोषित कर दिया। मृतका के मायके वालों का कहना है कि वे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई करेंगे। विवाहिता की मां शव देखकर बदहवास हो गईं। ग्राम सारीपुर निवासी मजदूर नंदकिशोर के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे वह और उनकी पत्नी सीमा राठौर (25) उठे थे। सीमा अपने डेढ़ वर्षीय छोटे बेटे हर्ष को लघुशंका कराकर बिस्तर पर लिटाने के बाद घर के रोजमर्रा के कामकाज में जुट गई थीं। इसके बाद नंदकिशोर दोबारा सो गए। सुबह करीब 6:00 बजे जब नंदकिशोर की आंख खुली, तो उन्होंने सीमा को आंगन में रखी चौकी पर बेसुध पड़ा देखा। शोर मचाने पर परिवार के अन्य लोग एकत्र हो गए और तुरंत निजी वाहन से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालांकि, सोमवार सुबह 8:01 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद सीमा को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी घटना की जानकारी मिलते ही बघौली थाना क्षेत्र के पटकुइयां गांव से सीमा के मायके वाले भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। बेटी का शव देखकर मां फूलमती और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका अपने पीछे पति और दो मासूम बच्चों—ढाई साल के पीयूष व डेढ़ साल के हर्ष को छोड़ गई है। मामले में मृतका के भाई कौशल किशोर ने बताया कि फिलहाल वे किसी पर कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ होगी और उसी के आधार पर आगे कदम उठाया जाएगा। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)